- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- दिल्ली-मुंबई का सफर महज 10 घंटे में...
दिल्ली-मुंबई का सफर महज 10 घंटे में किया जा सकेगा पूरा-गडकरी

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। केन्द्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने दावा किया है कि दिल्ली-मुंबई के बीच बनने वाले नए एक्सप्रेस वे से यात्री 10 से 11 घंटे में अपना सफर तय कर सकेंगे। उन्होने कहा कि यह नया एक्सप्रेस वे बनने से दोनों महानगरों की बीच 106 किमी की दूरी कम होगी। गडकरी ने कहा कि प्रस्तावित दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस वे लिए अलाइनमेंट (मार्गरेखा) का कार्य अंतिम दौर में है। उन्होने कहा कि मौजूदा हाईवे को एक्सप्रेस वे बनाने के लिए भूमि अधिग्रहण में करीब 7 से 8 करोड़ प्रति हेक्टेयर खर्च आता है, लेकिन नया मार्ग करीब 10 फीसदी ख र्च से ही बनाया जा सकता है। इस तरह से इसके निर्माण और जमीन अधिग्रहण में कुल 15 हजार करोड़ रुपये की बचत होगी। केन्द्रीय मंत्री के अनुसार इस एक्सप्रेस वे से पूर्वी राजस्थान और पश्चिमी मध्यप्रदेश के पिछड़े और आदिवासी जिलों को भी जोड़ा जाएगा। उनका मानना है कि इससे रोजगार के अवसर, आर्थिक गतिविधियों बढ़ेगी और क्षेत्र का कायाकल्प हो जाएगा। एक्सप्रेस वे के बीच में एक लॉजिस्टिक पार्क भी बनाया जाएगा।
राष्ट्रीय राजमार्गों के निर्माण में 20 प्रतिशत की वृद्धि
गडकरी ने यहां मीडिया को संबोधित करते हुए कहा है कि पिछले साल के मुकाबले इस वर्ष राष्ट्रीय राजमार्गों के निर्माण में 20 प्रतिशत की बढोतरी हुई है। वर्ष 2017-18 के दौरान 9829 किलोमीटर से भी ज्यादा लंबे राष्ट्रीय राजमार्गों का निर्माण किया गया है। यह पिछले वर्ष के दौरान निर्मित 8231 किलोमीटर लंबे राष्ट्रीय राजमार्गों की तुलना में 20 प्रतिशत की वृद्धि को दर्शाता है। 2017-18 के दौरान 17055 किलोमीटर लंबी सड़कों के ठेके दिए गए, जबकि 2016-17 में 15948 किलोमीटर लंबी सड़कों के ठेके दिए गए थे। साल 2017-18 के दौरान राजमार्गों के निर्माण पर 1,16,324 करोड़ रुपये की राशि खर्च की गई है। उन्होने कहा कि मंत्रालय अगले वित्त वर्ष से लेन किलोमीटर के निर्माण की गिनती अंतरर्राष्ट्रीय मानक के अनुसार करेगा। मंत्रालय अब तक रैखिक लंबाई में राष्ट्रीय राजमार्गों के निर्माण की गणना करता रहा है, जो सही अर्थों में इस तथ्य को दर्शा पाता है कि वास्तव में कितना कार्य पूर्ण हुआ है। उन्होने कहा कि मंत्रालय अब तक लिनियर लेंग्थ में एनएच के निर्माण की गणना करता रहा है, जिसका आशय 2 लेन पेव्ड शोल्डर हो या 6-लेन सड़क, दोनों को 1 किमी माना जाता था, जोकि अंतरर्राष्ट्रीय स्तर पर अपनाए गए मानदंडों के अनुसार नहीं है।
Created On :   3 April 2018 8:06 PM IST