अपहरणकर्ताओं ने मांगे 15 लाख, पुलिस ने पुदुचेरी से छुड़ाया

डिजिटल डेस्क, मुंबई। दुबई से वापस लौटे एक व्यक्ति को अगवा कर उसके परिवार से 15 लाख रुपए मांगे गए। मामले की शिकायत मिलने के बाद छानबीन में जुड़ी मुंबई पुलिस की अपराध शाखा ने अपहृत व्यक्ति को पुदुचेरी से सुरक्षित रिहा करा लिया है। हालांकि अगवा करने वाले दो लोग फरार हो गए हैं। पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई है। तेलंगाना के रहने वाले 47 वर्षीय शंकर मथमल्ला 22 जून को दुबई से मुंबई लौटे थे। यहां से गांव जाने के लिए उन्होंने बस का टिकट निकाला था लेकिन वे वहां नहीं पहुंचे। इसके बाद शंकर के बेटे हरीश अपने एक रिश्तेदार के साथ पिता को खोजने मुंबई पहुंचे। यहां छानबीन के दौरान पता चला कि शंकर का बस वाला टिकट रद्द करा दिया गया था। हरीश ने सायन पुलिस स्टेशन में पिता की गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद शंकर ने अपने बेटे को फोन कर कहा कि वे चेन्नई के एक अस्पताल में भर्ती हैं और इलाज करा रहे हैं और इसके बाद फोन बंद हो गया। इसके बाद एक दूसरे नंबर से एक व्यक्ति ने फोन किया और कहा कि उनके पिता अल्सर का इलाज करा रहे हैं। इसके बाद वह नंबर भी बंद हो गया। बाद में हरीश को अलग-अलग 10 नंबरों से फोन कर किसी ने धमकी दी कि पिता को वापस पाना चाहता है को 15 लाख रुपए देने पड़ेंगे। आरोपियों ने शंकर की तस्वीर भी उनके बेटे को भेजी। मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज किया और अपराध शाखा ने भी समानांतर छानबीन शुरू कर दी। इसके बाद मोबाइल लोकेशन और दूसरी जानकारियों के आधार पर पुलिस की टीम पुदुचेरी पहुंची और शंकर को खोज निकाला। उसे मुंबई लाकर सायन अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस शंकर को अगवा करने वाले दो आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
Created On :   4 July 2022 7:41 PM IST