- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- चंद्रपुर
- /
- नशे में धुत होकर वाहन चला रहा था...
नशे में धुत होकर वाहन चला रहा था वकील, हादसे में छात्रा ने तोड़ा दम

डिजिटल डेस्क, चंद्रपुर। ब्रह्मपुरी-वड़सा मार्ग स्थित एक पेट्रोल पंप के पास शुक्रवार सुबह 9 बजे के दौरान साइकिल से टाइपिंग क्लास जा रही छात्रा की कार की चपेट में आने से मृत्यु हो गई। चर्चा है कि वकील शराब पीकर वाहन चला रहा था। मृतक छात्रा का नाम तहसील के ग्राम कोथुलना निवासी किरण रवींद्र ठाकुर (21) बताया जाता है। वह नेवजाबाई हितकारिणी महाविद्यालय में बीएससी अंतिम वर्ष कर रही थी। जानकारी के मुताबिक किरण सुबह को साइकिल से टाइपिंग क्लास के लिए जा रही थी। बाबा फरीद पेट्रोल पंप के पास वड़सा से तेज रफ्तार में आ रही कार क्र. एम.एच. 34-ए.ए.6967 ने किरण की साइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में छात्रा किरण की मौके पर ही मृत्यु हो गई।
घटनास्थल पर तनावपूर्ण स्थिति
घटना के बाद कुछ समय के लिए घटनास्थल पर तनावपूर्ण स्थिति निर्माण हो गई थी। जानकारी मिलते ही पुलिस निरीक्षक विलास चव्हान अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पंचनामे के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। बताया जाता है कि वाहन चालक ब्रह्मपुरी के जानेमाने वकील वामन मैंद (45) शराब के नशे में धूत् होकर वाहन चला रहे थे। उधर घटना के संदर्भ में जानकारी मिलते ही क्षेत्र की जिप सदस्य स्मिता पारधी ग्रामीण अस्पताल पहुंची। विधायक विजय वडेट्टीवार व जिप गटनेता सतीश वारजुकर ने भी इस घटना पर दुख जताया है।
आरोपी चालक को कड़ी सजा दें
कोथुलना के नागरिकों ने आरोपी को कडी सजा देने की मांग की है। यदि आरोपी को बचाने का प्रयास किया गया तो जनांदोलन करने की चेतावनी उन्होंने दी है।
आरोपी वकील हिरासत में
इस संबंध में थानेदार चव्हाण ने बताया कि वाहन चालक वकील वामन मैंद शराब के नशे में थे। उनका मेडिकल चेकअप करवाया गया है। घटना के बाद उन्हें हिरासत में लेकर उनके खिलाफ आईपीसी की धारा 279, 304 अ, सहधारा 185 मोटर कानून के तहत मामला दर्ज किया। आगे की जांच चल रही है।
दुपहिया की टक्कर में युवक मृत
उधर घोट इलाके में गुरुवार रात 8 बजे के दौरान दुपहिया की टक्कर में युवक की घटनास्थल पर ही मौत होने की घटना प्रकाश में आई है। मृतक युवक का नाम घोट निवासी अगबर अजगर सैयद (20) बताया जाता है। जानकारी के अनुसार, गुरुवार रात 8 बजे के दौरान अगबर सैयद का शव श्मशानभूमि मार्ग पर लोगों ने देखा। इससे थोड़ी दूर दुपहिया क्र. एम. एच. 33 एलडी-208 पड़ी थी। इससे अनुमान लगाया जा रहा है कि, दुपहिया की टक्कर में युवक की मौत हो गई होगी तथा दुपहिया सवार वाहन छोड़कर घटनास्थल से फरार हो गया। इस घटना के संदर्भ में घोट पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया है। आगे की जांच पुलिस कर रही है।
वाहन फिसलने से युवक घायल
अहेरी में दुपहिया फिसलने से युवक के घायल होने की घटना शुक्रवार सुबह 11 बजे के दौरान बैंक ऑफ महाराष्ट्र के समीप हुई। घायल का नाम केतन दशरत मड़ावी (24) होकर उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। केतन मड़ावी दुपहिया से जा रहा था। महाराष्ट्र बैंक की शाखा के समीप मार्ग पर सामने से स्कूली छात्राएं आ रही थीं। छात्राओं को साइड देने के चक्कर में केतन की दुपहिया फिसल गई। जिसमें वह घायल हो गया। उसे अहेरी उपजिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन अस्पताल में कोई भी डाक्टर उपस्थित नहीं था। इसके बाद उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।
Created On :   29 Dec 2017 10:41 PM IST