- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- अमरावती
- /
- बंदूक की नोक पर पेट्रोल पंप पर लूट,...
बंदूक की नोक पर पेट्रोल पंप पर लूट, बदमाशों ने दो कर्मचारियों को बुरी तरह पीटा

डिजिटल डेस्क, अमरावती। तिवसा तहसील के गुरुकुंज मोझरी क्षेत्र में गुरुवार को उस समय हड़कंप मचा। जब पेट्रोल पंप पर चार बदमाशों ने धावा बोला। इस दौरान वहां मौजूद दो कर्मचारियों को बुरी तरह पीटा गया। साथ ही उन्हें बंधक बना 39 हजार रुपए नगद हथिया ली। इतना ही नहीं CCTV से मामले की पोल ना खुल जाए, उसकी हार्डडिक्स भी उड़ा दी। इस वारदात के बाद से गुरुकुंज मोझरी क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पेट्रोल पंप में कार्यरत मोझरी निवासी सुनील खांडेकर और उसका दोस्त तिवसा निवासी सचिन कडू बुधवार रात ड्यूटी पर थे। रात को भोजन करने के बाद दोनों ने कार्यालय का शटर डाऊन किया। इसके बाद पेट्रोलपंप के पास दोनों सो गए। इसी बीच अचानक रात 2 बजे के करीब जीन्स पैंट और टी-शर्ट पहनकर लुटेरों ने हमला कर दिया। सोए कर्मचारियों को पिस्तौल दिखाकर धमकाया गया, साथ ही उनसे रुपयों की मांग की गई। इसके बाद दोनों कर्मचारियों को लात घूसों से पीटा गया।
पेट्रोल पंप कार्यालय में तोड़फोड़ करने के बाद बदमाशों ने वहां गल्ले से रकम उठा ली। डकैतों के हमले में दोनों कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को उपचार के लिए ग्रामीण अस्पताल में भर्ती किया गया। कर्मचारियों ने लूटपाट की जानकारी पेट्रोलपंप मालिक भरत मोरे को दी। जिसके बाद भरत मोरे ने तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी।
मामले की गंभीरता को समझते हुए पुलिस अधीक्षक अविनाश कुमार और उप अधीक्षक एन.एम. मकानदार पुलिस दलबल के साथ घटना स्थल पहुंचे और वारदात की जानकारी हासिल की। लुटेरों को ढूंढ निकालने के लिए डॉग स्कॉड को भी बुलाया गया। मामले की जांच तिवसा पुलिस कर रही है।
Created On :   31 May 2018 6:36 PM IST