पूर्व प्रदेश सचिव बोले- कमलनाथ के सलाहकार भाजपा के एजेंट, आसपास घिरे लोग करते हैं गुमराह

Madhya Pradesh News: Digvijay-Pachauri face to face regarding capital Congress president
पूर्व प्रदेश सचिव बोले- कमलनाथ के सलाहकार भाजपा के एजेंट, आसपास घिरे लोग करते हैं गुमराह
कांग्रेस कार्यकारिणी में शामिल नामों पर आपत्ति पूर्व प्रदेश सचिव बोले- कमलनाथ के सलाहकार भाजपा के एजेंट, आसपास घिरे लोग करते हैं गुमराह

डिजिटल डेस्क, भोपाल। मध्यप्रदेश में कांग्रेस की कार्यकारिणी घोषित होने के बाद विरोध शुरू हो गया है। वहीं भोपाल जिला कांग्रेस अध्यक्ष काे लेकर दिग्विजय सिंह तथा सुरेश पचौरी आमने-सामने आ गए है। इन परिस्थितियों के चलते यहां का  मामला होल्ड किया गया है। इससे ऐसा लगता है कि प्रदेश में कांग्रेस, गुटबाजी और विवादों का चोली दामन का साथ है। ताजा मामला कार्यकारिणी में शामिल किए गए नामों को लेकर है। कार्यकारिणी की घोषणा होने के बाद पुराने पदाधिकारियों को कई नामों पर आपत्ति है।

इसी कड़ी में प्रदेश कांग्रेस के पूर्व सचिव कुतुबुद्दीन शेख ने प्रदेश कांग्रेस कार्यकारिणी और सीहोर कांग्रेस जिला अध्यक्ष को लेकर गंभीर आरोप लगाया है। शेख ने कहा कि प्रदेश कार्यकारिणी घोषित होने से पता चलता है कि कमलनाथ जिन लोगों की सलाह पर काम करते हैं वे लोग सब भाजपा एजेंट के रूप में काम कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कमलनाथ हमेशा कांग्रेस को मजबूत करने के लिए प्रयास करते हैं, लेकिन उनके सलाहकार और आसपास के लोग उनको गुमराह करते है।

दिग्विजय सिंह पचौरी आमने-सामने
भोपाल शहर और ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष के नाम पर फैसला नहीं हो सका है। इसका कारण नए अध्यक्ष के नाम पर दिग्गज नेताओं में सहमति नहीं बन पाना है। शहर कांग्रेस अध्यक्ष तय नहीं होने से ग्रामीण अध्यक्ष का नाम भी फंस गया। अब जिला निर्वाचन अधिकारी की रिपोर्ट के बाद नामों को लेकर निर्णय लिया जाएगा। 

प्राप्त जानकारी के अनुसार राजधानी जिला कांग्रेस अध्यक्ष को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह और पूर्व केन्द्रीय मंत्री सुरेश पचौरी आमने-सामने आ गए हैं। दरअसल पचौरी मौजूदा शहर कांग्रेस अध्यक्ष कैलाश मिश्रा को पुन: अध्यक्ष बनाना चाहते हैं। वहीं व्यापक रूप से हो रहे उनके विरोध के चलते दिग्विजय सिंह नहीं चाहते की राजधानी में गुटबाजी बढ़े। सूत्रों के अनुसार दिग्विजय सिंह भोपाल ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष अरूण श्रीवास्तव को शहर अध्यक्ष बनाना चाहते हैं। इन परिस्थितियोें के चलते भोपाल शहर कांग्रेस अध्यक्ष को लेकर फिलहाल कोई फैसला नहीं हो पा रहा है। दोनों वरिष्ठ नेता दिग्विजय तथा पचौरी के बीच उपजे विवाद के चलते कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने राजधानी की सीट होल्ड कर दी है। 

इंदौर में पुतला फूंका
इधर इंदौर के नवनियुक्त कांग्रेस अध्यक्ष का कांग्रेस के ही कार्यकर्ताओं ने सोमवार को कांग्रेस कार्यालय के बाहर ही पुतला फूंका। इस दौरान आरोप लगाये गये कि धन्ना सेठों को पद बांटे जा रहे हंै। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि इस मामले में पुर्नविचार नही किया गया तो हम लोग इस्तीफा देंगे।

Created On :   23 Jan 2023 1:08 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story