प्रदेश में 352 मतदान केंद्रों पर होगा महिला राज,  बनाए जाएंगे सखी मतदान केंद्र 

Maharashtra assembly election 2019 sakhi polling stations will be built
प्रदेश में 352 मतदान केंद्रों पर होगा महिला राज,  बनाए जाएंगे सखी मतदान केंद्र 
प्रदेश में 352 मतदान केंद्रों पर होगा महिला राज,  बनाए जाएंगे सखी मतदान केंद्र 

डिजिटल डेस्क, मुंबई।  महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में वोटिंग के लिए प्रदेश भर में 352 ‘सखी मतदान केंद्र’ बनाए जाएंगे। इन सखी मतदान केंद्रों पर महिला राज होगा। यहां पर पुलिस से लेकर चुनाव काम से संबंधित अधिकारी और कर्मचारी सभी महिलाएं होंगी। महिलाओं की देखरेख और नियंत्रण में मतदान की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। हर विधानसभा क्षेत्र में कम से कम एक और अधिकतम तीन केंद्र बनाए जाएंगे। शनिवार को राज्य के मुख्य चुनाव अधिकारी कार्यालय की ओर से यह जानकारी दी गई। इसके अनुसार सखी मतदान केंद्रों का चयन करते समय सुरक्षा पर विशेष जोर दिया जाएगा।

संवेदनशील ठिकानों के बजाय तहसील कार्यालय और पुलिस स्टेशन के पास सखी मतदान केंद्र बनाए जाएंगे। सखी मतदान केंद्रों पर तैनात महिलाएं अपनी पसंद से कोई भी रंग की पोशाक व परिधान कर सकेंगीं। सखी मतदान केंद्रों को अधिक से अधिक आकर्षक और सुंदर बनाने के लिए रंगोली, रंग और स्वच्छता पर विशेष जोर दिया जाएगा। चुनाव आयोग ने कहा कि लैंगिक समानता और मतदान प्रक्रिया में महिलाओं का अधिक से अधिक सकारात्मक सहभागिता बढ़ाने की दृष्टि से सखी मतदान केंद्र बनाए जाएंगे। भारत चुनाव आयोग ने महिलाओं द्वारा नियंत्रित किए जाने वाले सखी मतदान केंद्रों में कोई विशेष रंग इस्तेमाल नहीं करने के संबंध में स्पष्ट निर्देश दिए हैं। यहां पर किसी विशेष राजनीतिक दल के रंग का अनावश्यक इस्तेमाल नहीं किया जा सकेगा। राज्य में कुल 96 हजार 661 मतदान केंद्र हैं। 

उल्लेखनीय है कि राज्य में चुनाव के लिए प्रशासन ने हर तरह से तैयारी पूरी कर ली है। चुनाव के लिए तैनात कर्मचारियों को प्रशिक्षण आदि दिया गया है। चुनाव में तैनात कर्मचारियों को मतदान से वंचित रहने की नौबत न आए इसलिए बैलेट पेपर की भी तैयारी कर ली गई है। जैसे-जैसे चुनाव की तिथि पास आ रही है वैसे-वैसे जहां राजनीतिक दल अपनी तरफ से जोर लगा रहे हैं वहीं सरकार निष्पक्ष, निर्भिक तरीके से चुनाव कराने के लिए तैयार है।

Created On :   12 Oct 2019 12:28 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story