नागपुर में हो सकता है अगला मानसून सत्र

maharashtra next legislature monsoon session will be in nagpur
नागपुर में हो सकता है अगला मानसून सत्र
नागपुर में हो सकता है अगला मानसून सत्र

डिजिटल डेस्क, मुंबई। राज्य सरकार मार्च के बजाय दिसंबर में होने वाले शीतसत्र में बजट पास करने पर विचार कर रही है। इसके लिए विधानमंडल का शीतसत्र नागपुर की जगह मुंबई में आयोजित करना पड़ेगा। ऐसे में नागपुर में शीतसत्र के बजाय मानसून सत्र कराने की योजना है। एक वरिष्ठ सरकारी अधिकारी के मुताबिक, यह बदलाव इसलिए किया जा रहा है, ताकि वित्त वर्ष बदलकर जनवरी से दिसंबर तक किया जा सके। फिलहाल यह अप्रैल से मार्च तक होता है। फिलहाल इस मुद्दे पर सरकार विचार-विमर्श कर रही है। दिसंबर में होने वाले शीतसत्र में बजट पास होने के बाद इसे जनवरी महीने से लागू किया जा सकेगा। अधिकारी के मुताबिक जनवरी से नया बजट लागू होना प्रशासन के लिहाज से सुविधाजनक होगा। 
बजट सत्र भी बदलने की संभावना: वर्तमान में मार्च में बजट पास होता है, जिससे प्रशासनिक मंजूरी के बावजूद सड़क की मरम्मत और निर्माण से जुड़े कार्यों को बरसात के चलते लागू करने में चार से पांच महीने की देरी हो जाती है।विधानसभा सत्र के दौरान ही मानसून सत्र नागपुर में आयोजित करने की चर्चा थी। अब इसे सरकार द्वारा शीघ्र ही हरी झंडी मिलने की संभावना भी प्रबल होती जा रही है। उल्लेखनीय है कि मानसून सत्र आमतौर पर जुलाई के पहले सप्ताह से प्रारंभ होता है और इस दौरान बारिश शुरू रहती है जिससे मुंबई में इसके आयोजन से काफी परेशानी आती है। मुंबई में बारिश से होने वाली परेशानी को कम करने के लिए सरकार नागपुर में मानसून सत्र कराना उपयुक्त मान रही है। फिलहाल इसकी अधिकृत घोषणा होना बाकी है। 

केन्द्र सरकार लेगी फैसला: इस संदर्भ में संसदीय कार्यमंत्री गिरीश बापट का कहना है कि वित्तवर्ष में बदलाव करना केंद्र सरकार के अधीन है। अगर केंद्र सरकार ऐसा फैसला करती है तो शीतसत्र मुंबई में आयोजित किया जाएगा,जिसमें राज्य का बजट पास किया जाएगा।  मानसून सत्र  का निर्णय क्या होगा यह फिलहाल कहा नहीं जा सकता?

Created On :   28 Dec 2017 11:27 AM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story