अध्यक्ष पद के लिए भाजपा से कई दावेदार तो कांग्रेसी खेमे में फिलहाल "वेट एंड वॉच'

डिजिटल डेस्क, छतरपुर। जिले में जिला पंचायत सभी 22 वार्डों के चुनाव परिणाम की अधिकृत घोषणा शुक्रवार को कर दी गई है। त्रि स्तरीय पंचायत चुनाव भले ही दलगत चुनाव चिन्ह से न हुए हों, लेकिन जिला पंचायत अध्यक्ष व उपाध्यक्ष पद के लिए भाजपा पूरी ताकत लगाने में जुट गई है, वहीं कांग्रेस की निगाहें भाजपा के बागी सक्षम प्रत्याशियों पर टिकीं हैं। इस बार जिला पंचायत अध्यक्ष का पद अनारक्षित महिला होने के कारण अधिक जोर आजमाइश होने की संभावना है। राज्य निर्वाचन आयोग ने जिला पंचायत अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के चुनाव कराने की तिथि 29 जुलाई निर्धारित की है। ऐसे में करीब 15 दिन तक जिले में राजनीतिक माहौल गर्म रहने की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता है। जिला पंचायत सदस्य के परिणाम घोषित होते ही भाजपा से अध्यक्ष पद को लेकर कई दावेदार सामने आ रहे हैं लेकिन कांग्रेसी खेमे में अभी सक्रियता नहीं दिख रही है। जिले में सबसे कम अंतर से वार्ड क्रमांक 13 खजवा से ममता कुशवाहा(6472) की जीत हुई है। उन्होंने पुष्पा पटेल(6339) को 133 वोटों से हराया। वहीं वार्ड नंबर 22 बम्हौरी से करन सिंह सुनवाहा (18494) ने सविता रानी (6942) को 11 हजार 552 मतों के भारी अंतर से हराया।
विद्या अग्निहोत्री हो सकती हैं मजबूत दावेदार
चुनाव के दूसरे चरण में सबसे रोचक मुकाबला वार्ड क्रमांक 21 भगवां में रहा। यह वार्ड महिला वर्ग के लिए अनारक्षित था। यहां सबसे कांग्रेस के जिला सहकारी केंद्रीय बैंक की डायरेक्टर विद्या देवी अग्रिहोत्री एवं पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष स्व.इंद्र सिंह छोटेराजा की पत्नी राजेश के बीच मुकाबला था। यहां कुल 38842 मत पड़े। भाजपा युवा मोर्चा जिला उपाध्यक्ष शशिकांत अग्निहोत्री की मां विद्या देवी अग्रिहोत्री को 12 हजार 234 मत प्राप्त हुए। जबकि निकटतम प्रतिद्वंद्वी राजेश राजे को 10 हजार 897 मत मिले। इस तरह से विद्या देवी अग्निहोत्री ने 1337 मतों से जीत हासिल की। फिलहाल जिला पंचायत अध्यक्ष पद के निर्वाचन के लिए 13 दिन का समय शेष है, लेकिन अध्यक्ष पद के लिए विद्या देवी अग्निहोत्री भाजपा से मजबूत प्रत्याशी के रूप में देखी जा रही हैं। उनके लिए भाजपा के प्रदेश स्तरीय नेताओं का भी समर्थन है। भाजपा खेमे से जो भी सदस्य जीतकर आए हैं, उनमें विद्या अग्निहोत्री का राजनीतिक अनुभव अधिक है। वे चार साल से जिला सहकारी केंद्रीय बैंक की डायरेक्टर हैं। बाकी दो अन्य महिलाएं भी मजबूत दावेदार हैं, लेकिन उन्हें खुद का राजनीतिक अनुभव नहीं है।
इनके सिर बंधा जीत का सेहरा
वार्ड विजयी निकटतम प्रतिद्वंदी
1 मीरा मिश्रा (11211) मनीषा बुंदेला (10581)
2 देवी (8386) प्रकाश प्रजापति (5888)
3 कामता (5364) अभिलाषा अहिवार (5061)
4 पार्वती राजपूत (6982) लीला पाल (5958)
5 साविता (6452) भागवती प्रजापति (3526)
6 अभिलाषा (20639) गिरजा प्रजापति (7703)
7 रविन्द्र पटेल (7025) नंदकिशोर कुशवाहा (5052)
8 प्रीति यादव (10288) नीरजा सिंह (9071)
9 कमलेश यादव (9988) राजकुमारी महराज(8798)
10 वर्षा कुटिया (9673) मत्थीबाई पटेल (8431)
11 अशोक पटेल (22914) संतोष अहिरवार (5808)
12 माना पप्पूपाल(7805) रामकुमार रानी (7381)
13 ममता (6472) पुष्पा पटेल (6339)
14 उमा सिंह (12061) अदित सिंह राहुल (8026)
15 शशिकांत (5858) जयंती पायक (5653)
16 सविता पटेल (6518) पूजा यादव (4933)
17 मुन्नी (6952) मेवारानी गौंड (6699)
18 मनोज (4242) अरूणा राजे (3767)
19 खेमाबाई (5171) वर्षा खंगार (4530)
20 रामबाई (6197) माया अहिर (5285)
21 विद्या देवी (12234) राजेश छोटे राजा (10897)
22 करण सिंह (18494) सविता रानी (6942)
अलीपुरा वार्ड से हारे दिग्गज
जिला पंचायत के वार्ड क्रमांक 8 अलीपुरा वार्ड से ग्राम टीला निवासी प्रीति यादव ने जीत हासिल की है। प्रीति ने पूर्व मंडी डायरेक्टर धीरज सिंह की पत्नी छाया बुंदेला, पूर्व मंत्री के परिजन स्व.योगेन्द्र सिंह पत्नी नीरजा सिंह, पूर्व जिला पंचायत सदस्य अभीर मनीष को सहित पांच प्रत्याशियों को पराजित किया है। वार्ड क्रमांक 9 मऊ सहानियां से नैगुवां निवासी मोहन सिंह यादव की पत्नी कमलेश यादव ने जीत हासिल की है। यहां से भाजपा नेता हरसू महाराज की पत्नी राजकुमारी, विनोद कुमार वैद्य की पत्नी नम्रता वैध, पूर्व विधायक प्रतिनिधि की पत्नी प्रीति बुंदेला पराजित हुई हैं। वार्ड क्रमांक 17 किशनगढ़ वार्ड अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित था। यहां से भगवान सिंह की पत्नी रहीस रानी सहित 8 प्रत्याशी मैदान में थे लेकिन राईपुरा निवासी पंचम की पत्नी मुन्नी ने जीत हासिल की है। ईशानगर वार्ड में शशिंकात शुक्ला (5858) ने जयंती राजेश सिंह कुर्रा (5653) को 205 मतों से हराया। इस वार्ड में पूर्व विधायक पुष्पेंद्र नाथ पाठक के पुत्र अमृतांश एवं जिला पंचायत उपाध्यक्ष अमित पटैरिया को पराजय का मुंह देखना पड़ा।
चौंकाया:अनारक्षित गुलगंज वार्ड से दिव्यांग मनोज अिहरवार जीते
वार्ड क्रमांक 18 गुलगंज अनारक्षित था। यहां पूर्व जिला पंचायत सदस्य अरुणा केपी सिंह सहित कई क्षेत्रीय नेता चुनाव लड़ रहे थे। यहां दिव्यांग मनोज अहिरवार ने आश्चर्यजनक जीत हासिल की है। हमा वार्ड से सौरा गांव निवासी सविता भागीरथ पटेल, वार्ड 4 बछौन से बगमऊ के पूर्व सरपंच वंशीधर राजपूत की पत्नी पार्वती राजपूत, वार्ड 6 ज्योराहा से अभिलाषा पटेल, वार्ड 7 से मझगुवां निवासी रविन्द्र पटेल ने पूर्व जिला पंचायत सदस्य विजय प्रताप सिंह सहित अन्य प्रत्याशियों को पराजित कर जीत हासिल की है।
पूर्व विधायक की पत्नी और निवर्तमान जिपं अध्यक्ष हारे
जिला पंचायत के वार्ड क्रमांक एक सरवई वार्ड से कुल 7 प्रत्याशी चुनाव मैदान में थे। यहां से पूर्व विधायक विजय बहादुर सिंह की पत्नी मनीषा राजे, भाजपा नेता अवध किशोर मिश्रा की पत्नी मीरा मिश्रा सहित कुल सात प्रत्याशी मैदान में थे। यहां मीरा अवध किशोर मिश्रा ने मनीषा राजे को पराजित कर दिया। वार्ड क्रमांक 2 अजा से निवर्तमान जिला पंचायत अध्यक्ष कलावती अनुरागी सहित कुल 7 प्रत्याशी मैदान में थे लेकिन कलावती अनुरागी को ग्राम नदौता निवासी देवीदयाल अहिरवार ने परास्त कर दिया। वार्ड क्रमांक 20 सड़वा वार्ड से महाराजगंज निवासी रामबाई अहिरवार चुनाव जीती हैं। यहां से पूर्व जिला पंचायत सदस्य मीना हरबल सिंह चुनाव हार गईं हैं।
Created On :   16 July 2022 6:28 PM IST