दहेज की बलि चढ़ी विवाहिता, पुलिस कर्मी ने किया हवलदार पर हमला

Married woman Suicide for dowry, policeman attacked on Havaldar
दहेज की बलि चढ़ी विवाहिता, पुलिस कर्मी ने किया हवलदार पर हमला
दहेज की बलि चढ़ी विवाहिता, पुलिस कर्मी ने किया हवलदार पर हमला

डिजिटल डेस्क, नागपुर। और एक विवाहिता दहेज की बलि चढ़ गई। फांसी लगाने से उसकी मौत हुई है। दहेज के लिए उसे शारीरिक और मानसिक प्रताड़ना देने के लिए पति के खिलाफ गुरुवार को एमआईड़ीसी थाने में प्रकरण दर्ज कर लिया गया। मृतका सपना सूरज महतो (25), इसासनी निवासी थी। मंगलवार को सपना की फांसी लगाने से मौत हो गई। सपना की मौत को लेकर उसके मायके वालों ने गंभीर आरोप लगाए हैं। 26 अप्रैल-2019 को सपना की शादी सूरज के साथ हुई थी। शादी के कुछ दिन बाद सूरज ने सपना के चरित्र पर संदेह करना शुरू किया। शादी में दहेज नहीं देने की बात को लेकर भी सपना को परेशान िकया जा रहा था। मायके से दहेज के रुप में 20 हजार रुपए लाने के लिए सपना पर दबाव बनाया जा रहा था। इसके लिए उसकी पिटाई की जाती थी। आखिरकार प्रताड़नाओं से त्रस्त होकर सपना ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। हालांकि, परिजनों ने उसकी हत्या करने का आरोप लगाया है। घटित प्रकरण में सपना की मौत के लिए उसके पति सूरज को जिम्मेदार ठहराया जा रहा है। गुरुवार को उसके खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया गया।

 

पुलिस कर्मी ने किया हवलदार पर हमला, आरोपियों में शिक्षाधिकारी और वकील भी

उधर एक पुलिस कर्मी ने अपने रिश्तेदारों के साथ मिलकर यवतमाल जिले में वड़की थाने के हवलदार पर हमला कर दिया। हवालदार एक आपराधिक मामले की जांच करने गया हुआ था, तभी यह हमला किया गया। वड़की थाने में आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है। आरोपियों में नागपुर का पुलिस कर्मी संजू कोवे (45), शिक्षाधिकारी राजेंद्र कोवे (50), श्याम आत्राम और विजय पवार है। यह सभी लोग नागपुर निवासी हैं। इनमें एक पेशे से वकील है। बताया जा रहा है कि, यवतमाल जिले के वेड़शी गांव निवासी एक महिला ने उसके साथ अभद्र बर्ताव करने की शिकायत यवतमाल जिले के ही वड़की थाने में दर्ज कराई थी। मंगलवार को इस मामले की जांच करने वेड़शी थाने के हवलदार राजू मोहर्ले वेड़शी गांव गए हुए थे। उस वक्त आरोपी भी वहीं पर थे, जो प्रकरण को लेकर राजू से विवाद करने लगे। मामले ने तूल पकड़ने पर चारों ने राजू पर हमला बोल दिया। उसकी पिटाई की। वह गंभीर रुप से घायल हो गया। घटना का पता चलते ही संबंधित थाने के आला पुलिस अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे और चारों आरोपियों के खिलाफ विविध धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया है। जांच जारी है।

 

रंजिश में हत्या का प्रयास, फोन कर बुलाया था

इसके अलावा रंजिश के चलते एक युवक पर तीन लोगों ने जान लेवा हमला कर उसकी हत्या का प्रयास किया। सदर थाने में हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। गुरुवार को अदालत में पेश करने के बाद उन्हें रिमांड में भेज दिया गया। कड़बी चौक निवासी उमेश मनेाज पैसाडेली (22) है, जबकि आरोपी ट्रांसपोर्टर चंदू नंदू मस्ते (33), गड्डीगोदाम और उसके साथी सुरेश रमेश उके (34) और अजय राऊत (40), दोनों सुंदरबाग, गड्डीगोदाम निवासी है। जख्मी और आरोपी जान-पहचान के ही हैं और अापराधिक गतिविधियों में भी लिप्त रहे हैं। आरोपियों ने उमेश को गड्डीगोदाम में आने के लिए मना किया था। मंगलवार को दोपहर करीब 12 बजे उमेश अपने मित्र से मिलने गड्डीगोदाम चौक गया था। जब वह बात कर रहा था, तभी आराेपियों ने घातक शस्त्रों से उमेश पर हमला बोल दिया और उसे जान से मारने का प्रयास किया। हालांकि उमेश को आरोपियों द्वारा ही फोन कर बुलाने का पता चला है। हमला वर्चस्व को लेकर होने की आशंका है, लेकिन पुलिस इससे इनकार कर रही है। आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास का प्रकरण दर्ज कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। गुरुवार को दोपहर उन्हें अदालत में पेश किया गया। तीनों को 29 दिसंबर तक रिमांड में भेज दिया गया है। उप-निरीक्षक सिसोदे प्रकरण की जांच-पड़ताल कर रहे हैं।


 

Created On :   26 Dec 2019 10:23 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story