जिले के आठ हजार से अधिक कर्मचारी हुए हड़ताल में शामिल

डिजिटल डेस्क, भंडारा. पुरानी पेंशन के लिए जारी शासकीय कर्मचारियों की हड़ताल बुधवार 15 मार्च को भी जारी रही। जिला परिषद, राजस्व, स्वास्थ्य, पंचायत समिति समेत विविध विभाग के कर्मचारियों की हड़ताल के चलते नागरिकों के कार्य पूरी तरह से थम चुके हैं। विशेष रूप से स्वास्थ्य विभाग के जिला अस्पताल के श्रेणी तीन के 360 तथा तथा श्रेणी चार के 177 कर्मचारी हड़ताल पर हैं। इससे स्वास्थ्य विभाग की सेवाएं नैशनल हेल्थ मिशन (एनएचएम) के सहारे चल रही है। जिलाधिकारी योगेश कुंभेजकर ने स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों को काम पर लौटने का आह्वान करते हुए नोटिस देने की चेतावनी दी है। वहीं आंदोलनकारी संगठनाओं की सरकार से चर्चा करने पर हल नहीं निकला तो हड़ताल आगे भी जारी रहने की संभावना बनी हुई है।बता दें कि पुरानी पेंशन को लेकर शासकीय निम शासकीय कर्मचारियों ने मंगलवार 14 मार्च से हड़ताल शुरू की। इस हड़ताल में पहले दिन 8 हजार 572 कर्मचारियों ने हिस्सा लिया था। दूसरे दिन भी शिक्षकों से लेकर स्वास्थ्य कर्मचारियों तक सभी कर्मचारी हड़ताल पर शामिल रहे। स्वास्थ्य विभाग के श्रेणी एक व दो के यानी डाक्टरर्स काम पर हैं। जबकि श्रेणी तीन व चार के कर्मचारी मरीजों को उनके हाल पर छोड़कर हड़ताल में शामिल हुए हैं। पंचायत राज भी पूरी तरह से ठप पड़ गया है। अधिकारी केवल काम पर कर रहे हैं। जबकि कर्मचारी संगठना के निर्देश अनुसार प्रदर्शन में शामिल हुए हैं। हड़ताल को दो दिन पूर्ण हो चुके हैं। पर अब तक इसका कोई हल निकलता नजर नहीं आ रहा है। इससे सामान्य लोगों की परेशानी बढ़ने वाली है।
Created On :   16 March 2023 4:58 PM IST