मिस्त्री की गला रेतकर हत्या, चोरों की कई वारदातों का खुलासा- आरोपी धराए

Multiple incidents of thieves exposed in City- accused caught
मिस्त्री की गला रेतकर हत्या, चोरों की कई वारदातों का खुलासा- आरोपी धराए
मिस्त्री की गला रेतकर हत्या, चोरों की कई वारदातों का खुलासा- आरोपी धराए

डिजिटल डेस्क, नागपुर। सावनेर में एक मिस्त्री की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई और लाश खेत में फेंक दी गई। मृतक का नाम जयदीप साहेबराव लोखंडे (38), खेडकर ले-आउट, सावनेर निवासी है। ग्रामीण अपराध शाखा पुलिस ने हत्या के आरोप में चंदन दियेवार को गिरफ्तार किया है। आरोपी को केलवद पुलिस के हवाले कर दिया गया है। केलवद पुलिस अब इस बात का पता लगा रही है कि, चंदन ने जयदीप को क्यों मौत के घाट उतारा। घटना शनिवार को नरसाला-केलवद के बीच हुई। पुलिस सूत्रों के अनुसार  जयदीप लोखंडे अपने परिवार के साथ सावनेर में रहता था। शुक्रवार को सुबह जयदीप पत्नी को यह कहकर घर से निकला कि, वह देर से घर लौटेगा। जब जयदीप रातभर घर नहीं लौटा तो परिजन परेशान हो गए। शनिवार को सुबह जयदीप की लाश नरसाला-केलवद के बीच रामपुरी निवासी ज्ञानेश्वर भिवनकर के खेत में खून से लथपथ मिली। नागरिकों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। घटना की सूचना मिलते थानेदार सुरेश मट्टामी घटनास्थल पर पहुंचे। शव की शिनाख्त जयदीप की पत्नी देवका लोखंडे ने अपने पति के रूप में की। पुलिस ने पंचनामा कर शव पोस्टमार्टम के लिए सावनेर में शासकीय अस्पताल भेज दिया। 

पेट्रोल पंप पर तोड़फोड़ कर्मचारी को धमकाया

उधर लकड़गंज थानांतर्गत देर रात आधा दर्जन युवकों ने पेट्रोल पर जमकर उत्पात मचाया। तोड़फोड़ कर कर्मचारी को जान से मारने की धमकी दी। आधा दर्जन आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है। फुटेज के आधार पर आराेपियों को सरगर्मी से तलाश किया जा रहा है। वर्धमान नगर में एच.पी. कंपनी का पेट्रोल पंप है। घटना वाले दिन रात 11.30 बजे पंप बंद होने के बाद दोपहिया वाहन सवार सन्नी समुंद्रे (25) को पंप कर्मचारी मोरध्वज मिश्रा (48), भवानी नगर, पारडी निवासी ने पेट्रोल देने से मना कर दिया। इससे नाराज सन्नी पंप परिसर में लगे बैरिकेड उठाकर अंदर घुस गया और पंप की मशीन, हवा मशीन में तोड़फोड़ की और चला गया। कुछ देर बाद सन्नी अपने साथ और पांच-छह युवकों के साथ लौटा और शिकायत करने पर पंप कर्मचारी को जान से मारने की धमकी दी। पुलिस फुटेज खंगाल रही है।

अमरावती पुलिस का नागपुर में छापा, दो बुकी गिरफ्तार

वहीं अमरावती पुलिस ने जरीपटका क्षेत्र में देर रात दो बुकियों के घर पर छापा मारा और उन्हें गिरफ्तार कर अमरावती ले गई। गिरफ्तार बुकियों में सुमित शंकर नागवानी और रॉकी रमेशलाल अलवानी, दोनों जरीपटक निवासी हैं। 7 अक्टूबर 2020 की रात अमरावती पुलिस ने अमरावती में साईं नगर में चल रहे क्रिकेट सट्टा अड्डे पर कार्रवाई की थी और चार बुकियों को गिरफ्तार कर उनसे 6 लाख 65 हजार 290 रुपए का माल जब्त किया गया था। अदालत में पेश कर आरोपियों काे 11 अक्टूबर तक पुलिस रिमांड पर लिया था। पूछताछ में अड्डे के मुखिया के तौर पर शंकर और रॉकी का नाम सामने आया है। शनिवार की रात अमरावती पुलिस के अपराध शाखा निरीक्षक कैलाश पुंडकर दल के साथ नागपुर में आए और जरीपटका में छापामार कार्रवाई की।

चोरों की कई वारदातें, लाखों का माल उड़ाया

त्रिमूर्ति नगर निवासी किराना व्यापारी मुकेश अग्रवाल है। घटना वाले दिन मुकेश दुकान गए हुए थे।  पत्नी घर को ताला लगाकर कपड़े खरीदने के लिए गई हुई थी। दोपहर करीब ढेड़ बजे किसी ने ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया और अलमारी से 55 हजार रुपए नकद और सोने-चांदी के आभूषण, ऐसे कुल 4 लाख 78 हजार रुपए के माल पर हाथ साफ कर दिया। रिहायशी क्षेत्र में दिनदहाड़े हुई इस घटना की आस-पड़ोस के लोगों तक को भनक तक नहीं लगी। सूचना मिलते ही प्रताप नगर और अपराध शाखा की टीम श्वान और फिंगर प्रिंट विशेषज्ञ के साथ मौके पर पहुंची। प्रताप नगर थाने में प्रकरण दर्ज किया गया है। अभी तक आरोपियों का कोई सुराग नहीं मिला है। 

बारह बिजली के खंभे चोरी

दूसरी वारदात कपिल नगर थानांतर्गत हुई। समता नगर ईंट भट्ठी के पास 11 केवी ट्रान्सफार्मर का काम जारी है। जिसके चलते 11 मीटर लंबे 12 लोहे के खंभे और 14 खंभों के टुकड़ों को लाकर रखा गया था। खंभों की अनुमानित कीमत 3 लाख 35 हजार 333 रुपए है। 28 सितंबर की रात किसी ने यह खंभे चुरा लिए। इस प्रकरण में एक से ज्यादा आरोपी लिप्त होने का संदेह है। इस्कॉन इंटरप्राइजेस कंपनी के रमेश गजभिये (49), जुना बगड़गंज निवासी की शिकायत पर प्रकरण दर्ज किया गया है। जांच जारी है। 

लॉकर से चुराए गहने

उधर पांचपावली क्षेत्र में एक मकान का ताला तोड़कर अज्ञात चोर लॉकर से गहने सहित करीब 72 हजार रुपए का माल चुरा ले गया। पुलिस के अनुसार प्लाॅट नं.-427, महेंद्र नगर, नागपुर निवासी विवेक प्रभाकर साखरे (38) ने पांचपावली थाने में चोरी का मामला दर्ज कराया है। उन्होंने पुलिस को बताया कि, 10 से 11 अक्टूबर की दरमियानी रात उनके घर का ताला तोड़कर अज्ञात चोर स्टोर रूम में लॉकर में रखे सोने-चांदी के गहने चुरा ले गया। घटना के दिन विवेक अपने घर को ताला लगाकर दूसरे मकान में सोने के लिए गए थे। रविवार को सुबह उन्हें घर में चोरी होने के बारे में पता चलने पर उन्होंने पांचपावली थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस मामले की जांच कर रही है। 

करियर काउंसलर के घर चोरी

युवाओं के लिए करियर काउंसलिंग का काम करने वाले काउंसलर के घर में काम करने वाला नौकर ब्रांडेड कपड़े, सोने की चेन व अन्य सामग्री सहित करीब 80 हजार रुपए का माल चुरा ले गया। काउंसलर यश तोडगे की शिकायत पर अंबाझरी पुलिस ने नौकर मोहम्मद खान के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोपी की करतूत घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। मोहम्मद खान करीब एक साल से यश के घर में काम कर रहा था। तोडगे परिवार किसी काम से पुणे गया था। घर की एक चाबी नौकर के पास थी। नौकर मोहम्मद खान ने यश के इस भरोसे को तोड़ा और घर से सारा माल चुराकर रफूचक्कर हो गया। 

कैमरे में कैद हुई करतूत

पुणे से लौटने पर ने जब तोडगे परिवार ने सीसीटीवी फुटेज देखी तब चोरी का खुलासा हुआ। किनखेड़े ले-आउट, भरत नगर निवासी यश रवींद्र तोडगे (33) ने अंबाझरी थाने में चोरी की शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने आरोपी मोहम्मद खान पर चोरी का मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच कर रही है।

चोरी की फिराक में घूम रहा आरोपी पकड़ाया

चोरी की फिराक में घूम रहे एक आरोपी को बेलतरोड़ी पुलिस ने धरदबोचा। आरोपी का नाम मनोज सालिकराम धुर्वे (32) है। मनोज करीब 15 साल से चाेरी कर रहा है। उसके खिलाफ 23 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। आरोपी से चाकू जब्त किया गया है। पूछताछ में वाहन चोरी का मामला भी उजागर किया है। पुलिस के अनुसार बेलतरोड़ी थाने की पुलिस को शनिवार को गश्त दौरान सूचना मिली कि, एक युवक बाइक के साथ सोनेगांव परिसर में जयताला रोड पर रेलवे क्रासिंग के पास खड़ा है। वह चोरी की फिराक में है। पुलिस दस्ते ने युवक को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम मनोज शालीकराम धुर्वे, आनंद नगर, जयताला रोड निवासी बताया। तलाशी में पुलिस ने उससे एक चाकू जब्त किया। थाने ले जाकर पूछताछ करने पर उसने चोरी के 23 मामले की जानकारी दी। उसका आपराधिक रिकॉर्ड खंगाला तो पुलिस को पता चला कि, वह वर्ष 2004 से चोरी की वारदातों में लिप्त है। 2004 से 2019 तक उसके खिलाफ कई थानों में सेंधमारी और वाहन चोरी के मामले दर्ज हैं। पुलिस ने उससे दोपहिया वाहन क्र.-एम.एच.-49-ए.डब्ल्यू-1037 भी जब्त किया। थानेदार विजय आकोत, द्वितीय थानेदार दिलीप सालुंके के नेतृत्व में कार्रवाई की गई।

चोर से 4 दोपहिया वाहन जब्त

क्राइम ब्रांच ने एक शातिर वाहन चोर को धरदबोचा। आरोपी का नाम शरद शामराव कातलाम (22), चिंचभवन, वर्धा रोड निवासी है। आरोपी पर 22 आपराधिक मामले दर्ज हैं। आरोपी से 4 दोपहिया वाहन सहित करीब 3 लाख 70 हजार रुपए का माल जब्त किया गया है। वाहन चोरी विरोधी स्क्वॉड ने यह कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार शनिवार को स्क्वॉड को सूचना मिली कि, आरोपी शरद रामेश्वरी इलाके में दोपहिया वाहन पर घूम रहा है। पुलिस ने उसके बारे में जानकारी एकत्रित की तो पता चला कि, शरद शातिर वाहन चोर है। पुलिस ने उसे रामेश्वरी इलाके से धरदबोचा। आरोपी का आपराधिक रिकार्ड खंगालने पर पता चला कि, उसने सोनेगांव, वाठोडा, बेलतरोड़ी, प्रताप नगर क्षेत्र से वाहन चुराए हैं। अपर पुलिस आयुक्त  सुनील फुलारी, उपायुक्त (डिटेक्शन) श्वेता खेडकर व सहायक पुलिस आयुक्त सुधीर नंदनवार के मार्गदर्शन में कार्रवाई की गई। निरीक्षक पर्वते के नेतृत्व में उपनिरीक्षक मयूर चौरसिया आदि सहयोगियों ने कार्रवाई में सहयोग दिया।
 

होटल कृष्णकुंज ओयाे में देह व्यापार

मनीष नगर स्थित होटल कृष्णकुंज ओयो में देर रात सामाजिक सुरक्षा विभाग के दस्ते ने छापा मारकर अड्डा संचालिक और दलाल ऑटो चालक को बेलतरोड़ी थाने में प्रकरण दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपियों के कब्जे से दो पीड़ित महिलाओं की मुक्त कराया गया है। अड्डा संचालिका गोधनी म्हाड़ा कालोनी निवासी रंजना चतुर्भुज मेश्राम (40) है और ऑटो चालक दलाल का नाम भूषण जेटुराम माहुले (22), संगमचाल निवासी है। सुरक्षा दस्ता गत कुछ दिनों से रंजना की गतिविधियों पर नजर रखे हुए था। शनिवार की रात पुलिस को खबर मिली कि, मनीष नगर स्थित होटल कृष्णकुंज ओयो में देह व्यापार के लिए दो महिलाओं को भेजा गया है। पुलिस के आला अधिकारियों को इसकी जानकारी दी गई। छापा मारने का निर्देश मिलते ही तय योजना के तहत पंटर को होटल कृष्णकुंज ओयो में भेजा गया। सौदा पक्का होते ही पंटर ने सादे लिबास में होटल के बाहर खड़ी पुलिस को कार्रवाई करने का संकेत दिया। कार्रवाई के दौरान रंजना और भूषण को दबोच लिया गया। रंजना लंबे समय से इस घिनौने काम में सक्रिय है। शहर के अलग-अलग होटलों, लॉज के अलावा और भी स्थानों पर वह लड़किया सप्लाई करती है। भूषण अपने ऑटो से तय स्थान पर लड़कियों को लाना ले जाना करता है। इसके अलावा रंजना के लिए ग्राहक भी तलाश करता है। दोनों आरोपियों के कब्जे से जब्त किए गए मोबाइल से देह व्यापार के और भी राजफाश होने की संभावना है। आरोपियों के कब्जे से मुक्त दो महिलाओं में एक विवाहित है। अपर आयुक्त सुनील फुलारी, उपायुक्त गजानन राजमाने के मार्गदर्शन में निरीक्षक तृप्ति सोनवणे, उप-निरीक्षक स्मिता सोनवणे, अनिल अंबाड़े, रशीद साजिद, मनीष रामटेके, चेतन गेड़ाम, रीना जाउरकर, सुजाता पाटील सामाजिक कार्यकर्ता विजयरानी रेड्डी, सागर सचदेव ने कार्रवाई में हिस्सा लिया।
 

 

Created On :   12 Oct 2020 10:01 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story