युवक की बीच सड़क पर दिनदहाड़े हत्या,आरोपी बाइक छोड़कर भागे

Murder of a young man on the road accused left the bike and fled
युवक की बीच सड़क पर दिनदहाड़े हत्या,आरोपी बाइक छोड़कर भागे
युवक की बीच सड़क पर दिनदहाड़े हत्या,आरोपी बाइक छोड़कर भागे

डिजिटल डेस्क, रीवा। ऑटो चलाकर जीवन यापन करने वाले एक युवक की दिनदहाड़े चाकू मारकर हत्या कर दी गई। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र अंतर्गत बड़ी दरगाह के समींप हुए इस घटना से सनसनी फैल गई। गुरूवार को लगभग साढ़े तीन बजे यह घटना उस समय हुई जब अमहिया निवासी आशिफ अंसारी पिता अन्नू 22 वर्ष घर से निकल कर पैदल ही जा रहा था। बताया जा रहा है कि मोटर साइकिल से दो युवक पहुंचे और आशिफ पर चाकू से प्रहार करने लगे। इस घटना को देख रहे स्थानीय लोगों ने आशिफ की जान बचाने के लिए साहस का परिचय दिया। हमलवारों की ओर पत्थर फेंकते हुए आगे बढ़े। पकड़े जाने के डर से आरोपी बाइक छोड़कर भागने को मजबूर हुए। आशिफ के सीने और पसली में चाकू से प्रहार होने पर वह वहीं गिर गया। तत्काल ही उसे उपचार के लिए संजय गांधी स्मृति चिकित्सालय ले गए, लेकिन उसकी जान नहीं बच पाई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपियों की गाड़ी के आधार पर उन तक पहुुंचने का प्रयास  शुरू किया।

नामजद हुए आरोपी
सिविल लाइंस पुलिस ने हत्या के इस मामले में आरोपियों को नामजद कर लिया है। पुलिस ने बताया कि रज्जन साकेत और विकास विश्वकर्मा द्वारा इस घटना को अंजाम दिया गया। बताया जा रहा है कि गर्मी के चलते ये दोनों गमछा से चेहरे को ढ़के थे, इस वजह से उस दौरान कोई नहीं समझ पाया कि आरोपी कौन हैं। लेकिन इनके वाहन से पुलिस को आरोपियों तक पहुंचने में ज्यादा मेहनत नहीं करनी पड़ी।

एक आरोपी हिरासत में
हत्या के इस मामले का एक आरोपी पुलिस की हिरासत में आ गया है।  पुलिस इस आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगा रही है कि घटना की वजह क्या थी। वहीं दूसरे आरोपी तक पहुंचने के लिए भी उससे जानकारी जुटाई जा रही है।

नशीली सिरप के कारोबार से जुड़ रही घटना
यह घटना जिस स्थान पर हुई है, वह नशीली सिरप का खास अड्डा रहा है। इधर कुछ समय से सख्ती होने की वजह से यहां खुलेआम इसकी बिक्री लगभग बंद हो गई। लेकिन नशीली सिरप के शौकीन अभी भी यहां अक्सर मंडराते देखे जाते हैं। 

इनका कहना है
ऑटो चलाने वाले युवक की चाकू मारकर हत्या की गई है। इस घटना के दोनों आरोपी नामजद कर लिए गए हैं। यह घटना नशीली दवा के कारोबार से जुड़ी लग रही है। घटना की जांच जारी है। जल्द ही खुलासा हो जाएगा। - शशिकांत चौरसिया, टीआई सिविल लाइंस थाना

Created On :   31 May 2019 8:43 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story