नाना पटोले- 26 जुलाई को सोनिया गांधी के ईडी कार्यालय से निकलने तक कांग्रेस करेगी सत्याग्रह

डिजिटल डेस्क, मुंबई। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को नेशनल हेराल्ड मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा 26 जुलाई को जांच के लिए बुलाए जाने के खिलाफ प्रदेश कांग्रेस ‘सत्याग्रह’ करेगी। प्रदेश कांग्रेस की तरफ से मुंबई में मंत्रालय के पास स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा के सामने 26 जुलाई को सुबह 10 बजे से सत्याग्रह आंदोलन शुरू किया जाएगा। इसके अलावा राज्य भर में पार्टी के जिला मुख्यालय पर भी सत्याग्रह होगा। सोनिया के जांच के बाद ईडी कार्यालय से निकलने तक कांग्रेस का सत्याग्रह जारी रहेगा। रविवार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले ने यह जानकारी दी। पटोले ने कहा कि 70 वर्षीय सोनिया बीमार हैं। मगर उन्हें जांच के नाम पर बिना वजह परेशान किया जा रहा है। ईडी के अफसर केंद्र सरकार के अपने ‘बॉस’ के इशारे में नाच रहे हैं। जांच के नाम पर विपक्ष के नेताओं को परेशान करने वाली भाजपा की राजनीति लंबे समय तक नहीं टिकेगी। पटोले ने कहा कि ईडी ने सोनिया को जांच के लिए बीते 21 जुलाई को बुलाया था। जिसके बाद अब मंगलवार को दोबारा बुलाया है।
इसके पहले ईडी कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की भी इसी मामले में पांच दिनों तक 10-10 घंटे जांच कर चुकी है। लेकिन ईडी की जांच से कुछ साबित होने वाला नहीं है। मंत्रालय के पास आयोजित सत्याग्रह में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पटोले, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण, कांग्रेस के विधानमंडल दल नेता बालासाहब थोरात, मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष भाई जगताप, पूर्व मंत्री वर्षा गायकवाड, पूर्व मंत्री असलम शेख समेत पार्टी के पूर्व विधायक, पूर्व सांसद और पूर्व नगर सेवक तथा पदाधिकारी शामिल होंगे। जबकि राज्य भर के जिला मुख्यालयों पर आयोजित सत्याग्रह किए जाने वाले सत्याग्रह में पार्टी के जिला पदाधिकारी, वर्तमान विधायक, पूर्व विधायक, पूर्व सांसद और पार्टी के सभी विभाग, सेल और आघाड़ी के पदाधिकारी हिस्सा लेंगे।
Created On :   24 July 2022 7:30 PM IST