नाना पटोले को सीएम शिंदे से मिलते हैं हर महीने एक करोड़- आशीष देशमुख 

Nana Patole gets one crore every month from CM Shinde - Ashish Deshmukh
नाना पटोले को सीएम शिंदे से मिलते हैं हर महीने एक करोड़- आशीष देशमुख 
बड़ा आरोप नाना पटोले को सीएम शिंदे से मिलते हैं हर महीने एक करोड़- आशीष देशमुख 

डिजिटल डेस्क, मुंबई। महाराष्ट्र कांग्रेस में चल रही गुटबाजी अब खुलकर सामने आने लगी है।  नागपुर के कांग्रेस नेता व पूर्व विधायक आशीष देशमुख ने अब कांग्रेस पर निशाना साधना शुरू कर दिया है। देशमुख ने महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले पर मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे से एक करोड़ रुपया हर महीने लेने का आरोप लगाया है। जिस पर महाराष्ट्र कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता अतुल लोंढे ने कहा कि उनका मानसिक संतुलन बिगड़ गया है। देशमुख को ईलाज की जरुरत है। 

देशमुख ने आरोप लगाया कि पटोले महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे से हर महीने एक करोड़ रुपया लेते हैं। जिसके चलते पटोले आघाडी की छत्रपति संभाजीनगर में हुई रैली में शामिल नहीं हुए। देशमुख के आरोपों के बाद से महाराष्ट्र की राजनीति गरमा गई है। महाराष्ट्र कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता अतुल लोंढे ने आशीष देशमुख के बयान प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि देशमुख का मानसिक संतुलन खराब हो गया है। उन्हें अपने उपचार की जरुरत है। 

देशमुख के खिलाफ पार्टी करेगी कार्रवाई

लोंढे ने कहा कि देशमुख हर रोज कभी कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे पर तो कभी राहुल गांधी या नाना पटोले पर टिप्पणी करते हैं। उन्हें पार्टी ने सभी जिम्मेदारियों से मुक्त कर दिया है। लोंढे ने कहा कि देशमुख पर पार्टी अनुशासनात्मक कार्रवाई करेगी। हालांकि प्रदेश अध्यक्ष नाना पटोले पहले ही कह चुके हैं देशमुख फ़िलहाल कांग्रेस पार्टी में नहीं हैं।  

देशमुख पहले भी दे चुके है विवादित बयान 

ऐसा पहली बार नहीं हुआ है कि आशीष देशमुख ने अपनी ही पार्टी के नेताओं के बारे में इस तरह की विवादास्पद टिप्पणी की हो। साल 2022 में जब कांग्रेस ने महाराष्ट्र से राज्यसभा के लिए इमरान प्रतापगढ़ी के नाम पर मुहर लगाई थी तो उस समय भी देशमुख इमरान के नाम का विरोध करते हुए पार्टी के केंद्रीयनेतृत्व के खिलाफ टिप्पणी की थी।पटोले पर लगाए गए गंभीर आरोप के बाद देशमुख की कांग्रेस से छुट्टी लगभग तय मानी जा रही है। 

हमसे देशमुख का कोई लेना देना नहीः कृष्णा हेगड़े 

एकनाथ शिंदे गुट के प्रवक्ता कृष्णा हेगड़े का कहना है कि आशीष देशमुख ने जो आरोप लगाए हैं उसमें कोई सच्चाई नहीं है। यह कांग्रेस का अंदरूनी मामला है इसमें हमारी पार्टी या मुख्यमंत्री का इससे कोई लेना देना नहीं है।  

 

Created On :   4 April 2023 4:03 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story