नाना पटोले ने कहा - कांग्रेस में कोई झगड़ा नहीं, पार्टी एकजुट है

डिजिटल डेस्क, मुंबई. प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष नाना पटोले ने दावा करते हुए कहा है कि मेरे और कांग्रेस के विधानमंडल दल के नेता बालासाहेब थोरात के बीच कोई मतभेद नहीं हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस में कोई झगड़ा और विवाद नहीं है। पार्टी पूरी तरह से एकजुट है। बुधवार को दादर स्थित तिलक भवन में प्रदेश कांग्रेस की कार्यकारिणी की बैठक हुई। जिसमें लंबे अरसे बाद पटोले और थोरात एक मंच पर नजर आए। वहीं पत्रकारों से बातचीत के दौरान पटोले ने कहा कि विधान परिषद की अमरावती और नाशिक सीट पर भाजपा हार गई है। इसलिए भाजपा राज्य में महौल बनाने का प्रयास कर रही थी कि कांग्रेस में विभाजन है। लेकिन भाजपा अपने मंसूबे में कामयाब नहीं हो पाई है। इस बीच पटोले ने कहा कि मीडिया ने थोरात के विधानमंडल दल के नेता पद से इस्तीफे का दावा किया था। लेकिन मैंने थोरात के इस्तीफे के पत्र को देखा ही नहीं है। पटोले ने कहा कि थोरात का एक्सीडेंट हुआ था। इसको देखते हुए प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी एच के पाटील मुंबई में इंसानियत के नाते थोरात के घर में गए थे। पटोले ने दावा किया कि पाटील थोरात की नाराजगी को दूर करने नहीं बल्कि उनकी तबीयत जानने गए थे। विधान परिषद की नाशिक स्नातक सीट के चुनाव के दौरान अहमदनगर जिला ग्रामीण कांग्रेस कमेटी को बर्खास्त करने को लेकर थोरात की नाराजगी थी। इस सवाल पर पटोले ने कहा कि अहमदनगर जिला ग्रामीण कांग्रेस के अध्यक्ष सुरेश सालुंखे ने पहले इस्तीफा दे दिया था। जिला अध्यक्ष के इस्तीफे के बाद कार्यकारिणी को बर्खास्त करना ही पड़ता है। इसलिए मैंने अहमदनगर जिला ग्रामीण कांग्रेस कमेटी को बर्खास्त करने का फैसला लिया था।
मैं नाराज ही कब था- थोरात
जबकि कांग्रेस के विधानमंडल के नेता थोरात अपने इस्तीफे से जुड़े सवालों से बचते नजर आए। थोरात ने कहा कि मैं नाराज ही कब था? कुछ बातें पार्टी के अंतर्गत होती हैं। उसको पार्टी के भीतर रहने दीजिए। मैंने पार्टी के मंच पर कुछ बाते रखी हैं। जिस पर रास्ता निकलेगा और हम आगे बढ़ेंगे।
वेलेंटाइन डे बीता है पुरानी बातें मत उकेरिए- चव्हाण
थोरात से विवाद को लेकर पूछे गए पत्रकारों के सवाल पर पटोले जवाब देने से बच रहे थे। इस बीच कांग्रेस के वरिष्ठ नेता तथा पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण ने कटाक्ष करते हुए कहा कि वेलेंटाइन डे बीता है। अब पुरानी बातों को क्यों उकेरा जा रहा है।
कार्यकारिणी की बैठक में पारित हुए प्रस्ताव
प्रदेश कांग्रेस की कार्यकारणी की बैठक में पार्टी सांसद राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा को मिली सफलता के लिए प्रस्ताव पारित किया गया। राज्य के कपास और धान उत्पादक किसानों की अनदेखी को लेकर केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ प्रस्ताव मंजूर किया गया। कांग्रेस ने केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार को किसान विरोधी करार दिया है। इस बीच बैठक में पुणे की कसबा पेठ और चिंचवड सीट के उपचुनाव को जीतने का संकल्प किया गया।
लिंगाडे और आडबाले का सत्कार
प्रदेश कांग्रेस की बैठक में विधान परिषद चुनाव में अमरावती स्नातक सीट पर विजयी हुए विधायक धीरज लिंगाडे और नागपुर शिक्षक सीट पर जीते विधायक सुधाकार आडबाले का सत्कार किया गया। लिंगाडे ने कांग्रेस के टिकट पर जीत हासिल की है। जबकि आडबाले कांग्रेस समर्थित विधायक हैं।
Created On :   15 Feb 2023 9:34 PM IST