भाजपा की माइक्रो प्लानिंग : नई रणनीति, बूथ स्तर पर जुड़ेंगे 50 नए कार्यकर्ता

New strategies of BJP - 50 new workers join at booth level
भाजपा की माइक्रो प्लानिंग : नई रणनीति, बूथ स्तर पर जुड़ेंगे 50 नए कार्यकर्ता
भाजपा की माइक्रो प्लानिंग : नई रणनीति, बूथ स्तर पर जुड़ेंगे 50 नए कार्यकर्ता

डिजिटल डेस्क, नागपुर। विधानसभा चुनाव की तैयारी के तहत भाजपा ने संगठन विस्तार की माइक्रो प्लानिंग की है। डाक्टर, इंजीनियर, प्राध्यापक व अन्य प्रोफेशनल्स को पार्टी से जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। 6 जुलाई से 11 अगस्त तक सदस्यता अभियान चलाया जाएगा। अभियान के तहत विभाग स्तर पर विशेष सभा कार्यक्रमों का आयोजन होगा। संगठनात्मक मामले में भाजपा के राज्य में नागपुर सहित 5 विभाग हैं। विभाग स्तर पर विशेष सभा कार्यक्रम होगा। नागपुर में 6 जुलाई को होनेवाले कार्यक्रम के लिए 3 जुलाई को प्रमुख पदाधिकारियों की बैठक होनेवाली है। अभियान के तहत नए पदाधिकारियों को संगठन विस्तार की जिम्मेदारी दी जाएगी। 

6 वर्ष के लिए पंजीयन

भाजपा में 6 वर्ष के लिए सदस्य का पंजीयन किया जाता है। राज्य में भाजपा के 1.06 करोड़ सदस्य हैं। विधानसभा चुनाव की तैयारी के तहत 50 लाख नए सदस्य जोड़ने का संकल्प लिया गया है। इसके लिए बूथ स्तर पर 50 नए कार्यकर्ता जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। 5 बूथों पर संगठन कार्य की जवाबदारी संभालने के लिए शक्ति प्रमुख नियुक्त किए गए हैं। शक्ति प्रमुखों से से विस्तारक का चयन होगा। राज्य में 20 हजार विस्तारक 7 दिन के लिए बूथ स्तर पर सदस्यता व मतदाता पंजीयन कार्यक्रम की जिम्मेदारी संभालेंगे। 15 जुलाई से 1 अगस्त तक यह अभियान चलेगा। 12 अगस्त से 31 अगस्त तक सक्रिय सदस्यता कार्यक्रम चलाया जाएगा। 

कई स्थानों पर पदाधिकारी बदले 

भाजपा के संगठनात्मक मामले में मुंबई, नागपुर, नाशिक, पुणे व औरंगाबाद विभाग हैं। इन विभागों में कई स्थानों पर पदाधिकारी बदले गए हैं। नागपुर में संगठन का न केवल नेतृत्व बदला गया है बल्कि बूथ स्तर के पदाधिकारियों को भी बदला जा रहा है। अभियान के तहत अलग अलग कार्यक्षेत्र से राजनीतिक व गैर-राजनीतिक कार्यकर्ताओं से संपर्क किया जाएगा। उन कार्यकर्ताओं को भाजपा से जोड़ने बूथ स्तर पर विशेष जिम्मेदारी भी दी जाएगी। भाजपा ने और अधिक सक्षम होने के लिए कुछ कार्यक्रम तय कर रखे हैं। भाजपा से दूर रहनेवाले समाज व संगठन को भी पार्टी से जोड़ा जाएगा। 

हर क्षेत्र में संगठन विस्तार

रामदास आंबटकर, प्रमुख, भाजपा सदस्यता अभियान के मुताबिक संगठन विस्तार हर क्षेत्र में किया जाएगा। पार्टी की सदस्यता व जनाधार लगातार बढ़ रहा है, लेकिन कुछ क्षेत्र ऐसे भी हैं, जहां संगठनात्मक कार्य करने की अभी भी आवश्यकता है। लिहाजा नए सदस्यता अभियान में जनसंपर्क के सभी पहलुओं पर ध्यान रखा जा रहा है। संगठन पर्व मनाया जा रहा है।

बसपा की वर्धा जोन बैठक टली, नागपुर में रविवार को चर्चा 

उधर बहुजन समाज पार्टी की वर्धा में होनेवाली जोन स्तरीय बैठक दूसरी बार टल गई है। पहले राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक के कारण वर्धा बैठक को रद्द किया गया था। अब शनिवार को मुंबई में प्रदेश कार्यकारिणी बैठक के कारण उसे टाला गया है। नागपुर में रविवार को बैठक में नागपुर जोन के पदाधिकारियों से प्रदेश प्रभारी रामअचल राजभर चर्चा करेंगे। गौरतलब है कि लोकसभा चुनाव के बाद प्रदेश कार्यकारिणी में बसपा ने बड़े स्तर पर फेरबदल किया है। इस बीच अमरावती में कार्यकर्ताओं का असंतोष सामने आने पर कई प्रमुख पदाधिकारियों की छुट्टी की गई है। पार्टी में रुपयों के लेनदेन के आरोप लगातार लग रहे हैं। स्थिति में सुधार के लिए बसपा प्रमुख मायावती ने राजभर को विशेष तौर से राज्य में प्रभारी बनाकर भेजा है। 2004 में प्रदेश प्रभारी रहे राजभर से उम्मीद की जा रही है कि वे संगठन में सुधार करेंगे। 2004 में बसपा का राज्य में चुनाव प्रदर्शन राजनीतिक तौर पर आकर्षक था। नागपुर , रामटेक, भंडारा, चंद्रपुर सहित अन्य लोकसभा क्षेत्र में बसपा उम्मीदवार को एक लाख के करीब या  उससे अधिक मत िमले थे। उस समय अन्य दलों के कुछ प्रमुख नेता भी बसपा में शामिल होने का प्रयास कर रहे थे। उसके बाद बसपा का चुनाव प्रदर्शन गिरता रहा । लंबे समय तक प्रदेश अध्यक्ष रहे विलास गरुड की कार्यप्रणाली पर आरोप लगते रहे। नागपुर में गरुड की उपस्थिति में बसपा के कार्यक्रमों में हंगामा भी हुआ। प्रदेश प्रभारी बदलते रहे। कुछ पदाधिकारियों ने तो बसपा छोड़कर अन्य संगठन बना लिया या फिर अन्य संगठन में शामिल हो गए। रामअचल राजभर ने सोशल इंजीनियरिंग के फार्मूले के तहत संगठन विस्तार पर जोर देने का दावा किया है। रविवार को दोपहर 1 बजे देशपांडे सभागृह में नागपुर जोन की बैठक होगी। राजभर के साथ , प्रदेश प्रभारी अशोक सिद्धार्थ, प्रदेश अध्यक्ष सुरेश साखरे, प्रदेश महासचिव जीतेंद्र म्हैसकर, सचिव भाऊ गाेंडाणे, सुधाकर मोहोड, दीपक पाटील उपस्थित रहेंगे। नागपुर , भंडारा, अमरावती, अकोला, वाशिम व बुलढाणा जिले की संगठनात्मक स्थिति पर चर्चा होगी।
 

Created On :   27 Jun 2019 10:38 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story