- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- खबर का असर: आईटीआई कॉलेज प्राचार्य...
खबर का असर: आईटीआई कॉलेज प्राचार्य होंगे निलंबित

डिजिटल डेस्क, नागपुर। आईटीआई कॉलेज में अव्यवस्था को लेकर प्राचार्य को निलंबित करने सहित उनकी दो वेतनवृद्धि रोकने का निर्णय लिया गया है। इंदोरा स्थित आईटीआई कॉलेज में विधानमंडल की अनुसूचित जाति कल्याण समिति ने आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान यहां बड़े पैमाने पर अव्यवस्था नजर आई। समिति ने इस पर तीव्र नाराजगी व्यक्त करते हुए प्राचार्य की दो वर्ष की वेतनवृद्धि रोकने का निर्णय लिया है। प्राचार्य को निलंबित करने की भी सिफारिश सरकार से करने की जानकारी मिली है।
भास्कर ने किया था मामला उजागर
गौरतलब है कि 10 जनवरी के अंक में दैनिक भास्कर ने आईटीआई में अव्यवस्था और बदहाली को लेकर विद्यार्थियों के भविष्य पर मंडराते संकट को प्रमुखता से प्रकाशित किया। खबर का संज्ञान लेते हुए समिति का यह दौरा निर्णायक साबित हुआ। खबर की पुष्टि हुई। विधायक डॉ. मिलिंद माने ने भी आईटीआई में अव्यवस्था को लेकर समिति के सामने कुछ विषय रखे, जिसके बाद आईटीआई के प्राचार्य की वेतन वृद्धि रोकने सहित निलंबित करने का निर्णय लिया गया है।
|यह है हकीकत
उत्तर नागपुर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित क्षेत्र है। अनुसूचित जाति के विद्यार्थियों को व्यावसायिक प्रशिक्षण मिले, इसके लिए इंदोरा में शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था शुरू की गई थी। संस्था में 12 ट्रेड शुरू करने का प्रस्ताव था। इसमें सिर्फ चार ट्रेड शुरू किए गए हैं। सामाजिक न्याय विभाग ने लाखों रुपए खर्च कर इंदोरा मैदान में इमारत निर्माण की, लेकिन इमारत में बनाई गई सुरक्षा दीवार तोड़ दी गई है। वहां रात में अवैध गतिविधियां जोर-शोर से चलती हैं। इसके अलावा कॉलेज परिसर का इस्तेमाल सुबह की नित्य क्रिया के लिए किया जाता है। जिस कारण यह जगह डंपिंग यार्ड बन गई है। इमारत की साफ-सफाई नियमित नहीं होने से सभी तरफ गंदगी फैली रहती है। फैशन टेक्नोलॉजी और कोपा दो ट्रेड की प्रवेश क्षमता प्रति विभाग 20 की है, लेकिन प्रत्यक्ष में कम विद्यार्थी मिले हैं। ड्राइवर कम मैकेनिकल शाखा में करोड़ों की मशीनरी धूल खा रही है। शासकीय औद्योगिक महाविद्यालय में फीटर, इलेक्ट्रिशियन, मशीनिस्ट, एडवांस मैकेनिकल, टूल ऑपरेटर, टूल एन्ड डायमेकर, मैकेनिक मोटर व्हीकल, वायरमैन आदि ट्रेड को मंजूरी मिली है, लेकिन जब तक 100 प्रतिशत मशीनरी उपलब्ध नहीं होती है, तब तक यह ट्रेड शुरू नहीं किए जा सकते हैं।
प्राचार्य का कक्ष चकाचक, कक्षाओं में गंदगी
मिली जानकारी के आधार पर बुधवार को अनुसूचित जाति कल्याण समिति इंदोरा स्थित आईटीआई कॉलेज पहुंची। समिति के अध्यक्ष हरिष पिपले ने बताया कि वहां प्राचार्य का कक्ष चकाचक था, लेकिन कक्षाओं में भीषण गंदगी फैली थी। परिसर में अस्वच्छता का माहौल था। कॉलेज में अनेक ट्रेड शुरू ही नहीं हो सके। अब तक सिर्फ चार ट्रेड शुरू हो पाए। विधायक मिलिंद माने ने इस बाबत सामाजिक न्यायमंत्री राजकुमार बडोले के साथ दो बार बैठक कर इसकी जानकारी भी दी थी, किन्तु उस पर अभी तक अमल नहीं हुआ था। समिति सदस्य डॉ. माने ने अधिकारियों की खासी खिंचाई की।
Created On :   25 Jan 2018 11:40 PM IST