पॉक्सो एक्ट मामला : कांग्रेस का आरोप- मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए राहुल गांधी को भेजा गया नोटिस

Notice given to Rahul for divert from the real issues: Congress
पॉक्सो एक्ट मामला : कांग्रेस का आरोप- मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए राहुल गांधी को भेजा गया नोटिस
पॉक्सो एक्ट मामला : कांग्रेस का आरोप- मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए राहुल गांधी को भेजा गया नोटिस

डिजिटल डेस्क, मुंबई। प्रदेश कांग्रेस का कहना है कि उत्पीड़न के शिकार दो नाबालिग पीड़ितों की पहचान उजागर करने के मामले में राज्य बाल अधिकार आयोग द्वारा पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी को नोटिस जारी किया जाना वंचित वर्ग से जुड़े मुख्य मुद्दे से ध्यान भटकाने की कोशिश है। 

जलगांव जिले में एक किसान के कुएं पर नहाने को लेकर दो किशोरों की कथित रूप से पिटाई की गयी थी और उन्हें पूरे गांव में निर्वस्त्र घुमाया गया था। इस कथित घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था। राहुल ने वीडियो टैग करते हुए ट्विटर पर घटना के बारे में लिखा था और पिछड़े वर्गों पर बढ़ते अत्याचार के लिए भाजपा एवं आरएसएस दोषी हैं। कानून के मुताबिक नाबालिग पीड़ितों की पहचान जाहिर नहीं की जा सकती है। 

पार्टी अध्यक्ष का बचाव करते हुए महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस समिति के अध्यक्ष अशोक चव्हाण ने संवाददाताओं को बताया कि गांधी के ट्वीट से पहले ही घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था और टेलीविजन चैनलों ने इससे संबंधित क्लिप का प्रसारण किया था। उन्होंने कहा कि वंचितों को समाज में निशाना बनाये जाने के मुख्य मुद्दे से ध्यान भटकाने के लिए महाराष्ट्र राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग द्वारा गांधी को नोटिस दिया गया है। उन्होंने बताया कि कांग्रेस इस बारे में कानूनी राय लेने के बाद आगे की कार्रवाई पर फैसला करेगी। 

गौरतलब है कि मुंबई के रहने वाले अमोल जाधव नामक व्यक्ति की शिकायत पर संज्ञान लेते हुए महाराष्ट्र राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग ने दो नाबालिग लड़कों की पहचान ‘‘उजागर’’ करने के लिए मंगलवार को कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और ट्विटर को नोटिस भेजा था। आयोग ने उनसे 10 दिन में जवाब देने को कहा है। 

 

Created On :   20 Jun 2018 2:16 PM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story