पूर्व एसडीओ के मकान पर चिपकाया नोटिस, तीन वाहन कुर्क

डिजिटल डेस्क, जबलपुर। ईओडब्ल्यू की टीम ने पीएचई विभाग के पूर्व एसडीओ सुरेश उपाध्याय के घर जाकर कुर्की का नोटिस चस्पा किया और फिर कुर्की की कार्रवाई शुरू की। सबसे पहले कोर्ट का आदेश सुरेश उपाध्याय को थमाया गया और तीन वाहनों को कुर्क कर उन वाहनों को गोराबाजार थाने में रखवाया गया।
इन वाहनों में एक इंडीवर, स्विफ्ट एवं आई-10 शामिल हैं। एक कार इंडिका बाहर होने के कारण अभी कुर्क नहीं की गई है। बैंकों में जमा सवा दो करोड़ के लेन-देन पर पहले से ही प्रतिबंध लगा हुआ है। करीब चार सौ करोड़ की सम्पत्ति कुर्क करने की कार्रवाई का यह क्रम आगे भी जारी रहने की बात जांच दल द्वारा कही गई है। आधा दर्जन वाहनों पर सवार होकर दो दर्जन लोगों की टीम दोपहर में सुरेश उपाध्याय के घर पहुँची तो हड़कम्प मच गया। सबसे पहले सुरेश उपाध्याय एवं उनके पुत्र सचिन उपाध्याय को कोर्ट का वारंट थमाया गया। उसके बाद तीन वाहनों को कुर्क करने की कार्रवाई की गई। उपाध्याय परिवार को सुपुर्दगी में सौंपे गए जेवर एवं नकद दो लाख 54 हजार रुपये कुर्क करने के लिए माँगे गए, लेकिन उस समय अनुराधा उपाध्याय घर पर उपलब्ध नहीं होने के कारण जेवर व पैसे की जब्ती टाल दी गई।
सम्पत्ति नहीं बेच सकते
ईओडब्ल्यू एसपी देवेन्द्र सिंह राजपूत के निर्देश पर डीएसपी राज्य वर्धन माहेश्वरी एवं उनकी टीम द्वारा की गई कार्रवाई के मामले में कहा गया है कि उपाध्याय परिवार अपनी 300 एकड़ से अधिक जमीन का अब एक टुकड़ा भी नहीं बेच सकते। जो भी सम्पत्ति अटैच है उसको भी किसी के नाम पर नहीं कर सकते हैं। जो भी ईओडब्ल्यू के रिकॉर्ड में सम्पत्ति आ गई है उस की कुर्की की जायेगी। इस मामले में रजिस्ट्रार को भी पहले से ही कोर्ट के निर्देश से अवगत करा दिया गया है। तीन करोड़ का मकान 7 सुरेश उपाध्याय का तिलहरी स्थित अनंत तारा में आलीशान मकान की कीमत ही तीन करोड़ आँकी गई है। इसके अलावा उनका कजरवारा स्थित मकान का मूल्य भी एक करोड़ बताया गया है। करीब 3 सौ एकड़ भूमि, 55 लाख के वाहन, बैंकों में जमा सवा दो करोड़ आदि करीब चार सौ करोड़ की सम्पत्ति कुर्क होनी है।
Created On :   6 Aug 2019 1:31 PM IST