अब रविवार-सोमवार को आयोजित होगा विधानसभा का विशेष सत्र

डिजिटल डेस्क, मुंबई। महाराष्ट्र विधानमंडल का विशेष अधिवेशन अब 2 व 3 जुलाई की बजाय 3 व 4 जुलाई को आयोजित किया जाएगा। प्रदेश कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि हैदराबाद में आयोजित भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक के चलते यह बदलाव किया गया है। प्रदेश कांग्रेस के महासचिव सचिन सावंत ने इस पर एतराज जताते हुए कहा है कि भाजपा नेता खुद को संविधान से सर्वोच्च समझने लगे हैं। इसके पहले गुरुवार को एकनाथ शिंदे के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद हुई कैबिनेट की पहली बैठक में 2 व 3 जुलाई को विधानसभा का विशेष सत्र बुलाने का फैसला लिया गया था। पहले दिन विधानसभा अध्यक्ष का चुनाव और दूसरे दिन शिंदे सरकार विश्वास मत हासिल करेगी। पर अब इसे एक दिन के लिए आगे बढ़ा दिया गया है। कांग्रेस नेता सावंत ने ट्विट कर कहा कि 2 व 3 जुलाई को होने वाला महाराष्ट्र विधानसभा का विशेष सत्र भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक के चलते स्थगित कर दिया गया है। सावंत ने कहा कि इससे पता चलता है कि भाजपा खुद को देश के संविधान से ज्यादा शक्तिशाली मानती है। गौरतलब है कि हैदराबाद में शनिवार व रविवार को होने वाली भाजपा की दो दिवसीय राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में महाराष्ट्र के नवनियुक्ति उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में सम्मान किया जाएगा। महाराष्ट्र में मुख्यमंत्री की कुर्सी के त्याग के लिए पार्टी फडणवीस का यह सम्मान करेगी।
Created On :   1 July 2022 5:40 PM IST