मिसिंग की रिपोर्ट - पुरुषों की तुलना में महिला- युवतियों की संख्या अधिक, 484 को तलाशा गया

डिजिटल डेस्क, अकोला. जनवरी 2022 से लेकर इस वर्ष जनवरी के अंत के ताज़ा आंकड़ों के अनुसार जिले से 603 महिलाओं के मिसिंग की रिपोर्ट दर्ज की गई है। उल्लेखनीय है कि यह सभी 18 वर्ष से ऊपर उम्र गुट की हैं। हालांकि 603 मिसिंग महिलाओं में से 484 की खोज पुलिस के मानव तस्करी विभाग ने की है। जानकारी के अनुसार मिसिंग के लगभग मामले प्रेम या विवाह का झांसा देकर बरगलाने के होते हैं। अलबत्ता घरेलू विवाद के कारण भी घर से निकल जाने के मामले भी हैं लेकिन यह कम है, जबकि शाला,महाविद्यालय में जाने वाली लडकियों को बरगलाकर भगा ले जाने के मामलों की संख्या काफी अधिक हैं।
100 से अधिक लडकियों का शुमार ऐसे केसेस में है, जो पिछले तेरह महीनों में घर से गायब हो गई। हालांकि मानव तस्करी विभाग ने भी ऐसे मामलों की तफ्तीश काफी शिद्दत से की और पिछले तेरह महीनों में 603 मिसिंग में से 454 को अलग अलग ठिकानों से खोज निकाला। और उन्हें अगली कार्रवाई के लिए सम्बन्धित पुलिस स्टेशनों को सौंप दिया है।
प्रति दिन दो गायब
पिछले वर्ष 2022 में कुल 553 लडकियों की मिसिंग की शिकायतों को देखा जाए तो यह नजर आता है कि प्रति दिन कम से कम एक या दो मामले पुलिस स्टेशन में आ रहे हैं जिसमें लडकियों के लापता होने के मामले सामने आए हैं। यह आंकड़ा निश्चित रूप से चिंताजनक कहा जाएगा। यह बात अलग है कि पुलिस ने लगभग मामलों की तफ्तीश की और अधिकांश लापता महिलाओं को खोज निकाला।
2022 में 381 पुरुष लापता
महिलाओं की तुलना में पुरुषों के मिसिंग मामलों की संख्या कम है लेकिन यह आंकड़ा भी कुछ कम नहीं है। सन 2022 में जनवरी से लेकर दिसम्बर तक 381 पुरुषों के लापता होने की शिकायतें है। इन मामलों में से 303 मिसिंग के मामलों में पुलिस को लापता की तलाश करने में सफलता हासिल की है, जबकि वर्तमान वर्ष के जनवरी माह में लापता पुरुषों के 28 मामले दर्ज भी हुए है जिसमें 11 की खोज मानव तस्करी विभाग या सम्बन्धित पुलिस स्टेशन की ओर से की गई है। महिला और पुरुषों के लापता व खोज का यह आंकड़ा पुलिस विभाग से प्राप्त है। जानकारी मिली की जैसे ही इस तरह की शिकायत मिलती है। मानव तस्करी कक्ष की ओर से हर एंगल से गायब महिला युवती या पुरुषों की खोज का अभियान शुरु कर दिया जाता है। नजर आ रहा है कि जिस तरह लापता के मामले हुए हैं खोजबीन करने में पुलिस भी पीछे नहीं है।
Created On :   14 Feb 2023 4:55 PM IST