कर्जमाफी के नाम पर छलावा, सिर्फ 9 लाख किसानों को मिला कर्जमाफी का लाभ: पृथ्वीराज

only 9 lakh 43 thousand farmers have got benefit of debt waiver
कर्जमाफी के नाम पर छलावा, सिर्फ 9 लाख किसानों को मिला कर्जमाफी का लाभ: पृथ्वीराज
कर्जमाफी के नाम पर छलावा, सिर्फ 9 लाख किसानों को मिला कर्जमाफी का लाभ: पृथ्वीराज

डिजिटल डेस्क, मुंबई/नई दिल्ली। प्रदेश में दीपावली से लेकर अब तक केवल 9 लाख 43 हजार किसानों को कर्ज माफी का लाभ मिल पाया है। इन किसानों के बैंक खातों में 5 हजार 141 करोड़ रुपए जमा कराए जा चुके हैं। मंगलवार को मंत्रालय में प्रदेश के राजस्व मंत्री चंद्रकांत पाटिल ने यह जानकारी दी। पाटिल ने बताया कि सरकार की तरफ से अभी तक 17 लाख 49 हजार किसानों की कर्ज माफी के लिए 10 हजार 332 करोड़ रुपए बैंकों को दिए गए हैं। बैंकों द्वारा जांच पड़ताल के बाद किसानों के बैंक खातों में कर्ज माफी की राशि जमा कराई जाएगी। पाटील ने दावा किया कि अगले 10 दिनों में यह काम पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद नियमित रूप से कर्ज भरने वाले किसानों के खातों में प्रोत्साहन राशि के रूप में 25-25 हजार रुपए की राशि जमा कराई जाएगी। पाटिल ने बताया कि राज्य में कर्ज न भरने वाले लगभग 40 लाख किसानों को कर्ज माफी का लाभ मिलेगा। इसके अलावा नियमित रूप से कर्ज भरने वाले 40 लाख किसानों को 25-25 हजार रुपए की प्रोत्साहन राशि का लाभ मिलेगा। 

 कर्जमाफी के नाम पर हो रहा किसानों से छलावा : पृथ्वीराज

उधर, देश की राजधानी दिल्ली में महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण ने भाजपा को किसान विरोधी बताते हुए कहा है कि किसानों से किया वादा पूरा नहीं करने वाली भाजपा देश के अन्नदाता से माफी मांगे। उन्होंने आरोप लगाया कि महाराष्ट्र और उत्तरप्रदेश की भाजपा सरकार कर्जमाफी के नाम पर लाखों किसानों से छलावा कर रहीं हैं। भाजपा के लिए किसान कर्जमाफी सिर्फ प्रचार-प्रसार का माध्यम बन कर रह गई है। उन्होंने राज्य सरकार को निशाने पर लेते हुए कहा कि किसानों की कर्जमाफी से बचने के लिए उसने किसानों के 22 लाख खातों को फर्जी घोषित कर दिया है। सरकार ने इस वर्ष 24 जून को प्रदेश के 89 लाख किसानों का कर्ज माफ करने की घोषणा की थी। इस पर 34,022 करोड़ रूपए खर्च होना था, लेकिन अब सरकार कह रही है कि राष्ट्रीयकृत बैंकों और सहकारी बैंकों ने कर्जदार किसानों की जो सूची दी है, उनमें 22 लाख खाते फर्जी हैं। और इस नाम पर मुक्ति के लिए घोषित रकम में 10,200 करोड़ की कटौती कर दी गई है। इसी प्रकार उत्तर प्रदेश में कर्जमाफी के नाम पर किसी किसान को एक रूपया मिल रहा है, तो किसी को महज 19 पैसा।

22 लाख फर्जी खातों की जांच कराएं मोदी

चव्हाण ने बताया कि इस फर्जी खातों को लेकर मैंने रिजर्व बैंक के गवर्नर और यूनियन बैंक के अध्यक्ष को पत्र लिखा है, लेकिन अब तक कोई जवाब नहीं आया है। उन्होंने गुजरात में किसानों की आमदनी दोगुना करने का वादा कर रहे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से पूछा है कि क्या वे महाराष्ट्र में 22 लाख फर्जी खातों की जांच कराएंगे। उन्होंने कहा कि किसान की आमदनी बढ़ाने और कर्जमाफी की घोषणाएं भी भाजपा के लिए एक जुमला बनकर रह गए हैं। 

विस में जोरशोर से उठेगा किसानों का मसला 

पृथ्वीराज चव्हाण ने कहा है कि नागपुर में शुरू होने जा रहे महाराष्ट्र विधानसभा के शीतकालीन सत्र में किसानों का मसला जोरशोर से उठेगा। कांग्रेस ने इसकी तैयारी कर ली है और किसान कर्जमाफी सहित अन्य मसलों पर फड़नवीस सरकार को घेरा जाएगा। उन्होंने बताया कि 12 दिसंबर को नागपुर में किसानों के हक में एक विशाल रैली होगी जिसमें कांग्रेस आैर राकांपा सहित सभी विरोधी पार्टियों के नेता शिरकत करेंगे।

Created On :   5 Dec 2017 2:35 PM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story