- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- चंद्रपुर
- /
- मेडीगड्डा के 85 और गोसीखुर्द के 33...
मेडीगड्डा के 85 और गोसीखुर्द के 33 गेट खाेले

डिजिटल डेस्क, चंद्रपुर। विदर्भ के जिलों में लगातार बारिश का कहर जारी है। नदी-नाले उफान पर होने के कारण अनेक रास्तेे मंगलवार को भी बंद रहे। तेलंगाना के मेडीगड्डा बैराज के 85 गेट और भंडारा के गोसीखुर्द बांध के 33 गेट के साथ अन्य जिलों के बांधों से पानी नदियों में छोड़ा जा रहा है। नदी किनारे बसे गांवों के नागरिकों काे सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है।
चंद्रपुर जिले में निरंतर बारिश के कहर से नदी-नालों का जलस्तर बढ़ गया, जिससे कई गांवों का संपर्क टूट गया है। वहीं वर्धा नदी का जलस्तर बढ़ने के कारण अनेक मार्ग बंद हो गए हैं। इरई बांध के 5 दरवाजे खोले गए।
गड़चिरोली जिले में जारी मूसलाधार बारिश के कारण दक्षिण गड़चिरोली की तहसीलों में एक बार फिर बाढ़ की स्थिति निर्माण हो गयी है। जिले के विभिन्न 10 स्थानों का यातायात मंगलवार सुबह से ठप पड़ा हुआ है। तेलंगाना राज्य के मेडीगड्डा बैराज के सभी 85 गेट से पानी छोड़े जाने के कारण एक बार फिर सिरोंचा तहसील की गोदावरी और प्राणहिता नदी में रौद्र रूप धारण कर लिया है।
भंडारा जिले में अगले 24 घंटे के लिए रेड अलर्ट जारी कर दिया गया है। तीन तहसीलों के 16 मार्ग बंद हो चुके हैं। बारिश के चलते गोसीखुर्द बांध के सभी 33 गेट खोल दिए गए हैं। गोंदिया जिले में सुबह से ही कहीं हल्की तो कहीं मध्यम बािरश होती रही।
वर्धा जिले में बारिश के कारण नदी-नाले उफान पर है, जिससे कई गांवों के मार्ग बंद हो गए हैं। कई घरों में बाढ़ का पानी घुसने के कारण नागरिकों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाया गया है। अतिवृष्टि के कारण कई मकान भी ढह गए।
यवतमाल जिले के 11 राजस्व मंडलों में बीते 24 घंटे में अतिवृष्टि दर्ज की गई। इसापुर बांध के 9 गेट खोलकर पैनगंगा नदी में छोड़ा जा रहा है, जिससे पैनगंगा नदी में बाढ़ आ गई है। नदी का पानी ढाणकी- गांजेगांव की पुलिया पर 8 से 10 फीट की ऊंचाई से बह रहा है, जिससे इस मार्ग से यातायात ठप है। यही रास्ता विदर्भ काे मराठवाड़ा से जोड़ता है। लेकिन बाढ़ के चलते ढाणकी-गांजेगांव- पलसपुर- हिमायतनगर मार्ग पर यातायात प्रभावित हुआ है।
अमरावती जिले में दर्यापुर, धामनगांव रेलवे, धारणी और अंजनगांव में रिमझिम बारिश शुरू है। मंगलवार को वरूड़ के गव्हानकुंड में एक व्यक्ति का शव बरामद हुआ है। जबकि तिवसा के शिवनगांव में बाढ़ में बहे एक वृद्ध की तलाश जारी है। वहीं, नांदगांव खंडेश्वर में सोमवार की रात ट्रैक्टर सहित पांच लोग बेंबला नदी में बह गए थे। दो काे बचा लिया गया था। एक ने पेड़ पर रात गुजारी, सुबह उसे सुरक्षित निकाल लिया गया। दो की खोज जारी है।
Created On :   9 Aug 2022 9:50 PM IST