धान खरीदी की अवधि बढ़ने की संभावना, खरीदा गया 27 लाख क्विंटल धान

डिजिटल डेस्क, गोंदिया. जिले में शासकीय धान खरीदी केंद्रों पर धान की बिक्री करने वाले किसानों का ऑनलाइन पंजीयन हो सके एवं अधिकाधिक किसानों को इसका लाभ मिले इसके लिए राज्य सरकार ने धान की बिक्री के लिए ऑनलाइन पंजीयन कनरे की अवधि 3 से 4 बार बढ़ाकर दी है। फिलहाल 7 जनवरी तक पंजीयन किए जा सकेंगे, लेकिन वहीं दूसरी ओर धान खरीदी की अंतिम तिथि 31 जनवरी रखी गई है। जिसके चलते अंतिम दौर में पंजीयन कराने वाले किसानों के समक्ष निर्धारित अवधि में अपनी धान की बिक्री शासकीय धान खरीदी केंद्रों पर करने में समस्या आ सकती है। इसलिए अभी से यह मांग की जाने लगी है कि, जिस तरह पंजीयन की अवधि मांग के अनुसार बढ़ाकर दी गई, उसी प्रकार 31 जनवरी के बाद भी धान खरीदी अगले कुछ समय के लिए जारी रखी जानी चाहिए। किसानों को उम्मीद है कि, शासन उनकी समस्या को ध्यान में रखते हुए धान खरीदी की अवधि भी निश्चित रूप से बढ़ाकर देगा, लेकिन फिलहाल इसे केवल उम्मीद और संभावना ही माना जा सकता है। जिले में अब तक कुल मिलाकर डीएमओ के अंतर्गत आने वाले 115 धान खरीदी केंद्रों पर धान की खरीदी चल रही है। अब तक लगभग 27 लाख रुपए धान की खरीदी हुई है। अब तक खरीदे गए धान में से धान के भुगतान के रूप में 268 करोड़ रुपए की राशि किसानों के खाते में जमा कराई जा चुकी है।
फेडरेशन के अधिकारियों ने बताया कि, शासन की ओर से निधि प्राप्त होते ही शेष राशि भी किसानों के खाते में जमा करा दी जाएगी। इस वर्ष धान का जो बकाया है। उसका गत वर्ष की तुलना में शीघ्र गति भुगतान किया जा रहा है। इससे किसानों के चेहरों पर संतोष नजर आ रहा है। जिला मार्केटिंग फेडरेशन को शासन की ओर से इस वर्ष खरीफ मौसम में 39 लाख क्विंटल धान खरीदी का लक्ष्य दिया गया था। जो लगभग 80 प्रतिशत पूरा हो गया है और फेडरेशन के खरीदी केंद्रों का प्रयास है कि, अंतिम तिथि 31 जनवरी तक लक्ष्य के अनुसार खरीदी पूर्ण कर ली जाएगी।
Created On :   6 Jan 2023 8:22 PM IST