निर्माणाधीन इमारत का हिस्सा गिरा दो की मौत

डिजिटल डेस्क, मुंबई। मरम्मत के दौरान निर्माणाधीन इमारत का हिस्सा गिरने से दो लोगों की मौत हो गई। हादसा मुंबई के भांडुप इलाके में रविवार सुबह पौने दस बजे के करीब हुआ। मृतकों की पहचान राजकुमार धोत्रे और रामानंद यादव के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक भांडुप पश्चिम इलाके में स्थित डंकन लिंक रास्ते पर एक मंजिला इमारत का निर्माण चल रहा था। इसी दौरान इमारत की एक हिस्सा गिर पड़ा। मलबे के नीचे दो लोग दब गए। मामले की सूचना मिलने के बाद दमकल और पुलिस की गाड़ियां मौके पर पहुंची। इसके बाद दोनों को मलबे से निकालकर नजदीकी एमटी अग्रवाल अस्पताल ले जाया गया। लेकिन दाखिल करने से पहले ही डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। आशंका थी कि मलबे के नीचे और कोई दबा हो सकता है इसलिए प्रशासन ने करीब तीन घंटों की मशक्कत के बाद पूरा मलबा साफ किया। हालांकि राहत की बात यह रही कि उसके नीचे कोई और नहीं था। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे की छानबीन शुरू कर दी है।
Created On :   12 Feb 2023 7:44 PM IST