मैगी खिलाने के बहाने बालिका से रेप करने वाला गिरफ्तार

Police arrested a 60 year old man for raping a 12 year old girl
मैगी खिलाने के बहाने बालिका से रेप करने वाला गिरफ्तार
मैगी खिलाने के बहाने बालिका से रेप करने वाला गिरफ्तार

डिजिटल डेस्क, नागपुर। घर के पड़ोस में रहने वाली 12 वर्षीय बालिका को मैगी खिलाने का लालच देकर 60 वर्षीय वृद्ध ने उससे दुष्कर्म किया। घटना शांतिनगर थानांतर्गत उजागर हुई। पुलिस ने आरोपी शैलेंद्र हीरामन गजभिये शांतिनगर निवासी के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया है। 

पुलिस के अनुसार शैलेंद्र गजभिये का टायर बिक्री का बड़ा कारोबार है। वह तीन मंजिला आलीशान इमारत में रहता है। बेटी की शादी के बाद वह पत्नी के साथ शांतिनगर में रहने लगा। उस पर आरोप है कि उसने पड़ोसी महिला की बेटी के साथ दुष्कर्म किया। उसके पड़ोस में एक महिला अपने पति से अलग होकर बच्चों के साथ रहती है। उसे दो बेटियां हैं। वह एक होटल में रोटियां बनाने का काम करती हैं। उसकी 12 वर्षीय बेटी पर शैलेंद्र की नजर थी। उसकी पत्नी धार्मिक प्रवृत्ति की है। वह हमेशा घर के बाहर रहती है। शैलेंद्र घर में अक्सर अकेला रहता था। 

अक्टूबर 2018 में घर के सामने खेल रही इस बालिका को आरोपी ने मैगी खिलाने के बहाने अपने घर में बुलाया। आरोपी ने उसे मैगी देने के बाद उसके साथ अश्लील हरकतें करने लगा। प्रतिकार करने पर आरोपी ने उसे धमकी दी कि वह उसकी बहन और मां को चाकू से मार डालेगा। उसके बाद बालिका डर गई। आरोपी दिसंबर माह में उसे घर पर ले गया और उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया। उसके बाद वह बालिका को हमेशा मौका पाने पर घर में बुलाता था और उसके साथ संबंध बनाने लगा।

सूत्रों ने बताया कि मंगलवार की शाम करीब 6 बजे आरोपी शैलेंद्र की पत्नी घर पर नहीं थी। इस बात का फायदा उठाकर आरोपी ने बालिका को धमकी देकर अपने घर पर बुलाया। बालिका डर के कारण उसके घर पर गई। बालिका को उसके घर में जाते दो महिलाओं ने देखा। उन्हें लगा कि कुछ गड़बड़ है। महिलाओं ने यह बात बालिका की मां को बताई। तब उसकी मां ने उससे प्यार से पूछताछ की। उसके बाद आरोपी की करतूत उजागर हो गई। पीड़िता के परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया है।  
 

Created On :   22 March 2019 8:33 AM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story