पैरोल पर रिहा होने के बाद ढाई साल से फरार आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार

डिजिटल डेस्क, मुंबई। कोरोना संक्रमण के चलते मिली 45 दिनों की आपातकालीन पैरोल पर रिहा होने के बाद ढाई साल से ज्यादा समय से फरार हत्या के दोषी को मुंबई पुलिस की अपराध शाखा ने गिरफ्तार किया है। फरार 62 वर्षीय ग्रैब्रिएल हंस मेबन को रविवार शाम मुंबई के साकीनाका इलाके से गिरफ्तार किया गया। मेबन को ठाणे जिले के विठ्ठलवाडी इलाके में साल 1990 में हत्या के मामले में अदालत ने दोषी करार देते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी। वह 1995 से औरंगाबाद मध्यवर्ती जेल में सजा काट रहा था। राज्य की जेलों में कोरोना संक्रमण के बढ़ते खतरे को देखते हुए मेबन को दूसरे कैदियों के साथ 9 मई 2020 को 45 दिन की पैरोल पर रिहा किया गया था। पैरोल की अवधि खत्म होने के बाद वह वापस जेल नहीं लौटा और घर पर भी नहीं मिला तो औरंगाबाद जेल के अधिकारी ने एमआईडीसी पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज कराई। इसी बीच मुंबई पुलिस की अपराध शाखा को भनक लगी कि आरोपी साकीनाका के नाहर अमृत शक्ति में छिपकर रह रहा है। पुलिस की टीम ने रविवार शाम उसे दबोच लिया और एमआईडीसी पुलिस के हवाले कर दिया।
Created On :   9 Jan 2023 8:46 PM IST