सहकर्मी की पत्नी का अश्लील वीडियो पोस्ट मामले में पुलिस कांस्टेबल निलंबित

डिजिटल डेस्क, मुंबई। सहकर्मी की पत्नी का अश्लील वीडियो बनाकर ह्वाट्सएप ग्रुप में प्रसारित करने के मामले में एक पुलिस कांस्टेबल के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उसे निलंबित कर दिया गया है। आरोपी कांस्टेबल का नाम अभिजीत परब है। वह लोकल आर्म्स डिविजन में तैनात है। आरोपी और पीड़ित एक ही इलाके में रहते हैं।दरअसल शिकायतकर्ता जिस ह्वाट्सएप ग्रुप से जुड़े थे उसमें एक अश्लील वीडियो पोस्ट किया गया था। शिकायतकर्ता ने वीडियो देखा तो सन्न रह गए क्योंकि वीडियों में उनकी पत्नी और कांस्टेबल परब आपत्तिजनक हालत में दिख रहा था। इसके बाद उन्होंने मामले की शिकायत वरली पुलिस स्टेशन में की। प्राथमिक जांच के बाद पुलिस ने पाया कि आपत्तिजनक वीडियो परब ने ही बनाया था। इसके बाद अश्लील वीडियो ग्रुप में पोस्ट करने वाले अज्ञात आरोपी के साथ परब के खिलाफ भी आईपीसी और आईटी की संबंधित धाराओं के तहत मानहानि, आपत्तिजनक वीडियो प्रसारित करने के आरोप में एफआईआर दर्ज कर छानबीन शुरू की गई। साथ ही परब को निलंबित कर मामले की विभागीय जांच भी शुरू की गई है।वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के मुताबिक जांच में यह साफ हुआ कि परब का व्यवहार अनैतिक था साथ ही उसने महिला के खिलाफ अपराध भी किया है इसलिए उसे निलंबित करने का फैसला किया गया। ग्रुप में जिस नंबर से वीडियो पोस्ट किया गया वह किसका है पुलिस इसकी जांच कर रही है।
Created On :   5 Jan 2023 10:14 PM IST