पुलिस ने 17 लोगों का किया बांड ओवर

Police did bond over of 17 people,3 FIRs in election fight
पुलिस ने 17 लोगों का किया बांड ओवर
चुनावी झगड़े में 3 एफआईआर पुलिस ने 17 लोगों का किया बांड ओवर

डिजिटल डेस्क,सतना। सिविल लाइन थाना अंतर्गत गढिय़ा टोला में शनिवार की देर रात चुनावी झगड़े में पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर मामला दर्ज किया है। वहीं इसी मामले में घायल महिला के पति की रिपोर्ट पर 5 लोगों के विरूद्ध भी मुकद्मा कायम किया गया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 3 अलग-अलग एफआईआर में कुल 17 व्यक्तियों पर मामला दर्ज करते हुए उनकी गिरफ्तारी के बाद बांड ओवर की कार्रवाई भी की गई है। 

ये है मामला

विगत 9 जुलाई को गढिय़ा टोला में रात्रि साढ़े 10 बजे हुए दो पक्षों के बीच चुनावी झगड़े में 4 लोग घायल हो गए थे। पुलिस ने बताया कि गढिय़ा टोला के आवेदक राकेश कोरी पिता स्व.दुर्गा प्रसाद (35) के साथ बगहा निवासी उत्तम सिंह ने गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी दी थी। इस मामले में पूर्व पार्षद ऊषा दुबे द्वारा उत्तम सिंह एवं उनके साथियों को समझाने का प्रयास किया गया, लेकिन श्रीमती दुबे के ऊपर भी आरोपियों ने हमला कर दिया। साथ ही उनके घरों पर पत्थर भी फेंके। इस घटना में ऊषा दुबे घायल हो गईं। इनके पति सतेन्द्र दुबे की रिपोर्ट पर सिविल लाइन पुलिस ने उत्तम सिंह, रजत सिंह, गजेन्द्र सिंह, बद्री सिंह, प्रदुमन सिंह के विरूद्ध आईपीसी की धारा 294, 506, 336 एवं 34 के तहत मामला पंजीबद्ध किया है। 

उलझे दो पार्टियों के समर्थक

पुलिस ने बताया कि इसी मसले को लेकर वार्ड नम्बर-3 के पार्षद पद से चुनाव लड़ रहे भाजपा प्रत्याशी अभिषेक तिवारी अंशू एवं उनके साथियों द्वारा इन लोगों को समझाने का प्रयास किया गया, तो इसी वार्ड के कांग्रेस प्रत्याशी जितेन्द्र सिंह छोटंकू एवं उनके 5 साथी मारपीट पर उतारू हो गए। श्री तिवारी के साथ रहे मोनू सिंह की शिकायत पर गजेन्द्र सिंह गज्जू, मंजू सिंह, हिमांशू सिंह, टूली सिंह एवं अनूप सिंह के विरूद्ध पुलिस ने आईपीसी की धारा 147, 148, 149, 452, 294, 323 एवं 506 के तहत मामला कायम किया। पुलिस के मुताबिक गजेन्द्र सिंह उर्फ गज्जू की रिपोर्ट पर दूसरे पक्ष के अंशू तिवारी, बब्बू तिवारी का छोटा लड़का एवं मोनू सिंह पर भी आईपीसी की धारा 294, 323, 506 एवं 34 के तहत सिविल लाइन थाने में मामला पंजीबद्ध किया गया।
 

Created On :   11 July 2022 7:09 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story