- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- NCP की 2 सीटों पर उम्मीदवार उतारने...
NCP की 2 सीटों पर उम्मीदवार उतारने की तैयारी

डिजिटल डेस्क, नागपुर। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) ने शहर में सदस्यता अभियान तेज करने का निर्णय लिया है। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से संकेत मिल रहे हैं कि इस बार विधानसभा चुनाव में राकांपा व कांग्रेस का गठबंधन रहेगा। लिहाजा शहर में कम से कम 2 सीटों पर राकांपा उम्मीदवार उतारने का भी विचार किया गया है। संगठन को अधिक मजबूत बनाने के लिए शहर कार्यकारिणी का सप्ताह भर में विस्तार कर दिया जाएगा। शनिवार को शहर अध्यक्ष अनिल अहिरकर की अध्यक्षता में हुई कार्यकारिणी की बैठक में विविध मुद्दों पर पदाधिकारियों ने खुलकर चर्चा की है।
कमजोर हुआ है संगठन
गौरतलब है कि पिछले चुनावों में राकांपा का चुनावी प्रदर्शन शहर में कम रहा है। 1999 में कांग्रेस से अलग होकर शरद पवार ने राकांपा बनाई थी। उसी वर्ष चुनाव में साझा परिणाम आए। लिहाजा कांग्रेस के साथ सरकार बनाने के लिए राकांपा ने गठबंधन किया। 2004 व 2009 के चुनाव में भी राकांपा व कांग्रेस का विधानसभा चुनाव के लिए गठबंधन रहा। इस दौरान शहर की किसी भी सीट पर राकांपा को चुनाव लड़ने का मौका नहीं मिला। जिला ग्रामीण में भर 2 सीटों पर राकांपा को चुनाव लड़ने का मौका मिलता था। स्थिति यह बनी कि विधानसभा चुनाव के दौरान राकांपा पदाधिकारी व कार्यकर्ता सक्रिय नहीं रहते थे।
मनपा चुनाव में भी कम सीटें ही राकांपा के हिस्से में आती थीं। पार्टी के कार्यकर्ता यह कहने से नहीं चूकते हैं कि चुनाव लड़ने का मौका नहीं मिलने के कारण ही राकांपा शहर में कमजोर हुई। 2014 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस राकांपा का गठबंधन टूटा तो राकांपा के पास उचित उम्मीदवार की कमी महसूस होने लगी। विधानसभा चुनाव में राकांपा के उम्मीदवारों को काफी कम मत मिले। 2017 के मनपा चुनाव में स्थिति और भी कमजोर हो गई। राकांपा केवल एक सीट पर जीत पाई।
संगठन कुछ पदाधिकारियों तक ही सिमट कर रह गया
अनिल अहिरकर के नेतृत्व में राकांपा शहर कार्यकारिणी की पहली बैठक में यह निर्णय प्रमुखता से लिया गया कि संगठन को मजबूत करने के िलए राजनीति में सक्रिय कार्यकर्ताओं को विशेष प्राथमिकता के साथ पार्टी से जोड़ा जाएगा। वे कार्यकर्ता किसी भी संगठन या दल के हो सकते हैं। शनिवार की बैठक में फार्मास्युटिकल ग्रुप के पदाधिकारियों ने भी राकांपा में प्रवेश किया। जनता दल के पूर्व शहर अध्यक्ष हाजी प्यारु ने भी कार्यकर्ताओं के साथ राकांपा में प्रवेश लिया। व्यापार क्षेत्र से वीरेंद्र यादुका ने प्रवेश लिया। बताया गया है कि राज्य सरकार के विरोध में पार्टी की ओर से आंदोलनों की शुरुआत की जाएगी। विशेष पेट्रोलियम पदार्थों के दाम में वृद्धि का मामला उठाया जाएगा। मनपा क्षेत्र में संपति कर व पानी बिल को लेकर भी राकांपा कार्यकर्ता प्रदर्शन करेंगे।
शहर में होगा राकांपा का विधायक
शहर अध्यक्ष अनिल अहिरकर ने कहा है कि 2019 के चुनाव में राकांपा अच्छा प्रदर्शन करेगी। शहर में राकांपा का विधायक होगा। ब्लाक क्षेत्र में संगठन को मजबूत करके विधानसभा की सभी 6 सीटों पर राकांपा उम्मीदवार उतारने की तैयारी रहेगी। कांग्रेस के साथ गठबंधन के आसार है। गठबंधन हुआ भी तो कम से कम 2 सीट पर राकांपा का प्रमुखता से दावा रहेगा।
Created On :   11 Feb 2018 6:58 PM IST