बैंक पासबुक अपडेट कराने गूगल से नंबर खोजने वाले पुजारी को लगा 2 लाख का चूना

डिजिटल डेस्क, मुंबई। गूगल सर्च के जरिए मिले बैंक के कस्टमर केयर नंबर पर जानकारियां साझा करना एक पुजारी को मंहगा पड़ गया। ठग ने पुजारी को दो लाख रुपए से ज्यादा का चूना लगा दिया। ठाणे के शिलगांव में रहने वाले 46 वर्षीय शिकायतकर्ता ने मामले की शिकायत स्थानीय पुलिस स्टेशन में की जिसके बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। शिकायतकर्ता संजय शर्मा ने पुलिस को बताया कि पूजा पाठ के जरिए मिले पैसों से उनका खर्च चलता है और उनका पंजाब नेशनल बैंक में खाता है। लेन देन की जानकारी के लिए वे बैंक की खिडकाली शाखा में अपना पासबुक अपडेट करने गए तो वहां मौजूद कर्मचारी ने उन्हें बताया कि उनका दो साल का अपडेट बाकी है। पूरी जानकारी चाहिए तो उन्हें ई-पासबुक ऐप लाउनलोड करना पड़ेगा। शर्मा ने ऐसा ही किया लेकिन वे ऐप शुरू करने में असफल रहे। इसके बाद शर्मा ने गूगल पर बैंक का हेल्पलाइन नंबर सर्च किया और जो नंबर मिला उस पर फोन कर दिया। फोन उठाने वाले व्यक्ति ने शर्मा से कहा कि उनका काम हो जाएगा बस उके मोबाईल फोन पर दो पासवर्ड आएंगे वह बताना होगा। आरोपी ने शर्मा को क्यूआर कोड भी स्कैन करने के लिए भेजा।
शर्मा ने आरोपी की बताई गई प्रक्रिया पूरी की और उनका ऐप तो चालू हो गया लेकिन वे यह देखकर हैरान हो गए कि उनके खाते में सिर्फ 72 रुपए बचे हैं और खाते में मौजूद 2 लाख 8 हजार रुपए किसी और खाते में भेज दिए गए थे। परेशान शर्मा ने आरोपी को फिर उस नंबर पर फोन किया तो उसने कहा कि तकनीकी खराबी के चलते ऐसा हो रहा है थोड़ी देर बाद उनके खाते की असली रकम दिखेगी लेकिन ऐसा नहीं हुआ। बाद में आरोपी का नंबर भी बंद हो गया। शर्मा ने अपनी शिकायत में बताया कि ठगी की यह वारदात उनसे एक साल पहले हुई थी लेकिन उसी दौरान पिता का निधन हो जाने के चलते उन्हें मध्य प्रदेश स्थित अपने गांव जाना पड़ा और वापस लौट कर अब उन्होंने मामले की शिकायत शिल डायघर पुलिस से की है। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ आईपीसी और आईटी कानून की संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर छानबीन शुरू की है।
Created On :   11 Jan 2023 9:53 PM IST