महाराष्ट्र दौरे पर आएंगे राहुल और प्रियंका गांधी, स्वबल पर चुनाव लड़ने की है तैयारी

डिजिटल डेस्क, नागपुर। महाविकास आघाड़ी में शामिल कांग्रेस राज्य में स्वबल पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है। इसके लिए विशेष चुनावी रणनीति तैयार की जाएगी। कांग्रेस नेता राहुल गांधी मार्च में महाराष्ट्र के दौरे पर आएंगे। उससे पहले प्रियंका गांधी महिला सम्मेलनों के माध्यम से राज्य का दौरा करेगी। 26 जनवरी से हाथ जोड़ो अभियान आरंभ किया जा रहा है। यह अभियान कांग्रेस के लिए चुनावी वातावरण तैयार करने का काम करेगा। इस बीच संगठन कार्य में भी तेजी लायी जाएगी। संगठन की बैठक में शामिल नहीं होनेवाले नेताओं पर कार्रवाई की जाएगी। मंगलवार को कांग्रेस की प्रदेश कार्यकारिणी की विस्तारित कमेटी की बैठक में यह जानकारी दी गई। रानी कोठी सिविल लाइन में बैठक की अध्यक्षता कर रहे कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष नाना पटोले ने कहा कि राज्य में राजनीतिक वातावरण बदल गया है। कांग्रेस स्वबल पर चुनाव लड़ने की स्थिति में है। बैठक में कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी पल्लम राजू, पूर्व मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण,महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष संध्या सवालाखे, पूर्व केंद्रीय मंत्री िवलास मुत्तेमवार, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष माणिकराव ठाकरे सहित अन्य प्रमुख पदाधिकारी थे।
पटोले ने यह कहा
स्वबल पर चुनाव तैयारी का आवाहन करते हुए नाना पटोले ने कहा- 2019 के लोकसभा चुनाव के बाद कांग्रेस में निराशा मानी जा रही थी। लेकिन राहुल गांधी के नेतृत्व में भारत जोड़ो यात्रा को महाराष्ट्र में मिले जनसमर्थन से साफ है कि यहां कांग्रेस मजबूत है। कांग्रेस के स्थापना कार्यक्रम में राकांपा अध्यक्ष शरद पवार शामिल हुए। कांग्रेस से अलग होकर नई पार्टी बनानेवाले नेता का इस तरह कांग्रेस के कार्यक्रम में शामिल होने का संकेत समझा जा सकता है। सोलापुर, नाशिक में विविध चुनावों में कांग्रेस को बढ़त मिली है। मराठवाड़ा के औरंगाबाद, बीड़, उस्मानाबाद व मुंबई के आसपास के उपनगरों में कांग्रेस का महत्वपूर्ण स्थान है।
काम नहीं करनेवालों की सूची
पटोले ने कागज दिखाते हुए कहा-मेरे पास ऐसे नेताओं की सूची है जो पद लेकर घर पर बैठ गए। प्रदेश कार्यकारिणी बड़ी बनायी गई। उसमें विधायक , मंत्री रहे नेता भी शामिल है। पूर्व मंत्री केसी पाडवी का नाम लेकर कहा कि पद पाकर संगठन से दूर रहने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। जिला स्तर पर संगठन कार्य की निगरानी के लिए निरीक्षक भेजे जाएंगे। विभागीय स्तर पर प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक होगी। बैठक में शामिल नहीं होनेवालों को कारण बताओ नोटिस भेजी जाएगी।
7 प्रस्ताव पारित
कार्यकारिणी बैठक में 7 प्रस्ताव पारित किए गए। भारत जोड़ो यात्रा के लिए राहुल गांधी का अभिनंदन, कार्यकर्ताओं का आभार, कर्जमाफी, सरकार की किसान विरोधी नीति सहित अन्य विषय इन प्रस्तावों में शामिल है।
Created On :   10 Jan 2023 8:46 PM IST