5 दिन तक बारिश, 11 को मूसलाधार, पूरे विदर्भ में अच्छी वर्षा

डिजिटल डेस्क, नागपुर. विदर्भ में भले ही मानसून विलंब से आया, लेकिन बारिश अच्छी हो रही है। बांधों में भी जलसंग्रह हो गया है। शनिवार को अधिकतम तापमान 31.2 डिग्री व न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहा। ओडिशा के ऊपर कम दबाव का क्षेत्र बनने से नागपुर समेत विदर्भ में अच्छी बारिश हो रही है। अगले पांच दिन तक ऐसी ही बारिश होने की संभावना है। नागपुर जिले में यलो व ऑरेंज अलर्ट जारी है। 11 जुलाई को मूसलाधार बारिश की संभावना है। फिलहाल दक्षिण-पश्चिम हवा चल रही है। गर्मी व उमस से राहत जारी रहेगी। अगले 5 दिन तक बादलों का जमावड़ा बना रहेगा। बीच-बीच में धूप खिलेगी। तापमान में वृद्धि की संभावना नहीं है। माैसम में नमी सामान्य से ज्यादा है। शनिवार को दिन भर हुई बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ। रास्तों पर आवाजाही अपेक्षा से कम हुई। बाजारों में कम भीड़ रही।
जलजमाव से परेशानी : दिन भर हुई बारिश के कारण रास्तों पर जगह-जगह गड्ढे पानी से भर गए थे। कई जगह तो चौराहों व रास्तों पर पानी ही पानी नजर आ रहा था। जहां पानी निकासी की उचित व्यवस्था नहीं, वहां जलजमाव की स्थिति रही।
गांधीसागर में भरा पानी
तीन दिन से जारी बारिश के कारण गांधीसागर में बारिश का पानी जमा हो गया। सौंदर्यीकरण के लिए गांधीसागर से मिट्टी निकालकर उसकी गहराई बढ़ाई गई है। तालाब से मिट्टी निकालने के पहले उसमें से पानी की निकासी की गई थी। सूखे तालाब में अब पानी जमा हुआ है।
Created On :   10 July 2022 5:38 PM IST