दोनों सीटों पर उपचुनाव निर्विरोध कराने की सत्तारूढ़ दल कोशिश विफल!

Ruling partys attempt to get the by-elections unopposed in both the seats failed!
दोनों सीटों पर उपचुनाव निर्विरोध कराने की सत्तारूढ़ दल कोशिश विफल!
निशाना दोनों सीटों पर उपचुनाव निर्विरोध कराने की सत्तारूढ़ दल कोशिश विफल!

डिजिटल डेस्क, मुंबई। पुणे के कसबा पेठ और चिंचवड विधानसभा सीट पर घोषित हुए उपचुनाव को निर्विरोध कराने की सत्तारूढ़ भाजपा और बालासाहेबांची शिवसेना की कोशिश नाकाम नजर आ रही है। विपक्ष के गठबंधन महाविकास आघाड़ी दोनों सीटों के उपचुनाव को लड़ने पर अड़ गई है। इससे कसबा पेठ और चिंचवड सीट पर उपचुनाव निर्विरोध होने के आसार नजर नहीं आ रहे हैं। पुणे के कसबा पेठ सीट पर भाजपा और कांग्रेस के बीच टक्कर होगी। जबकि चिंचवड सीट पर भाजपा और राकांपा के बीच मुकाबला होगा। रविवार को ठाणे के कल्याण में मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि मैंने राकांपा अध्यक्ष शरद पवार, विधानसभा में विपक्ष के नेता अजित पवार, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले और मनसे अध्यक्ष राज ठाकरे को उपचुनाव निर्विरोध कराने के लिए फोन किया है। अब अंतिम फैसला विपक्ष के सभी नेताओं को करना है। जबकि नागपुर में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले ने विपक्ष के नेताओं से उपचुनाव को निर्विरोध कराने के लिए आग्रह किया। इस बीच मनसे अध्यक्ष राज ठाकरे ने भी एक पत्र के माध्यम से महाविकास आघाड़ी के नेताओं को दिलदारी दिखाकर निर्विरोध चुनाव कराने की अपील की। राज ने महाविकास आघाड़ी के नेताओं को अंधेरी पूर्व सीट पर हुए उपचुनाव में भाजपा के द्वारा नामांकन वापस लेने के फैसले की याद दिलाई। सत्तारूढ़ दल के उपचुनाव को निर्विरोध कराने के प्रयास पर विधानसभा में विपक्ष के नेता अजित पवार ने दो टूट जवाब दिया। अहमदनगर में अजित ने कहा कि भाजपा दोनों सीटों के उपचुनाव को निर्विरोध कराने की बात दिमाग से निकाल दे। महाविकास आघाड़ी दोनों सीटों पर उपचुनाव लड़ेगी।

अजित ने कहा कि भाजपा ने सोलापुर की पंढरपुर सीट, नांदेड़ की देलगूर और कोल्हापुर उत्तर सीट पर हुए उपचुनाव को निर्विरोध नहीं होने दिया था। भाजपा ने केवल अंधेरी पूर्व सीट पर हुए उपचुनाव में नामांकन वापस ले लिया था। जबकि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले ने कहा कि कांग्रेस कसबा पेठ सीट पर उपचुनाव लड़ेगी। उन्होंने कहा कि मुझे उपचुनाव को निर्विरोध कराने के लिए मुख्यमंत्री ने फोन किया था। मुख्यमंत्री ने मुझे परंपरा का हवाला दिया। लेकिन भाजपा ने कसबा पेठ पर दिवंगत विधायक मुक्ता तिलक के परिवार के किसी सदस्य को टिकट नहीं दिया है। इसलिए मुख्यमंत्री के उपचुनाव को निर्विरोध कराने के प्रस्ताव का कोई मतलब नहीं रह गया है। कांग्रेस के उम्मीदवार सोमवार को नामांकन भी दाखिल कर देंगे। इस बीच कसबा पेठ सीट पर कांग्रेस के संभावित उम्मीदवार रवींद्र धंगेकर ने राकांपा अध्यक्ष शरद पवार से पुणे में मुलाकात की। धंगेकर ने कहा कि मैंने पार्टी से टिकट मांगा है। मुझे उम्मीद है कि कांग्रेस मुझे उम्मीदवारी देगी। वहीं शिवसेना सांसद संजय राऊत ने कहा कि दोनों सीटों पर उपचुनाव होगा। क्योंकि इसके पहले हुए तीन उपचुनावों में भाजपा ने परपंरा का पालन नहीं किया था। राऊत ने कहा शिवसेना को मुख्यमंत्री ने निर्विरोध चुनाव कराने के लिए कोई संपर्क नहीं किया है और न ही उनके संपर्क की कोई उम्मीद है। 

 

Created On :   6 Feb 2023 6:17 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story