मकान पर गिरा 100 साल पुराना पीपल का पेड़, बाल-बाल बचे परिवार के सदस्य

डिजिटल डेस्क, नागपुर। बारिश का मौसम शुरू होते ही शहर में कई जगह पुराने पेड़ों का गिरना जारी है। हंंसापुरी खदान में 100 साल पुराना पीपल का पेड़ एक मकान पर गिर पड़ा। मकान बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। जिस समय हादसा हुआ, उस समय पैगामी परिवार के 5 सदस्य घर में मौजूद थे। हादसे में पैगामी परिवार के सदस्य बाल-बाल बच गए। लगातार दो सप्ताह हुई बारिश से 100 साल पुराने पीपल के पेड़ का एक बड़ा हिस्सा अचानक बीच में से टूट गया। पैगामी परिवार पांच दशकों से यहां रह रहा है। मंगलवार को सुबह 9.30 बजे यह घटना हुई। पेड़ मकान पर गिरते ही टीन की छत व दीवारें क्षतिग्रस्त हो गईं।
हादसे के समय राजकुमार पैगामी, आशाबाई पैगामी, सुनीता पैगामी, आलोक पैगामी व बारह साल का आदित्य पैगामी घर के अंदर मौजूद थे। छत व दीवार टूटने बड़ी आवाज हुई आैर घर के भीतर बैठे सदस्य तुरंत बाहर निकल गए। अच्छी बात यह रही कि, पेड़ का बड़ा हिस्सा पिछले हिस्से में गिरा आैर परिवार के सदस्य थोड़ी दूरी पर ही बैठे थे। इसके बाद पेड की अन्य शाखाएं भी मकान पर गिरीं। पैगामी परिवार के साथ ही पड़ोसी धुरिया परिवार के मकान काे भी नुकसान पहुंचा है। इस हादसे में मकान सहित घर के अंदर रखा सामान भी तहस-नहस हो गया।
सूचना मिलते ही पार्षद एड. संजय बालपांडे घटनास्थल पहुंचे। पार्षद की सूचना पर मनपा के उद्यान विभाग की टीम घटनास्थल पहुंची आैर पेड़ की अन्य शाखाआें को काटकर अलग किया। पार्षद बालपांडे ने बताया कि, हादसे में पैगामी व धुरिया परिवार का काफी नुकसान हुआ है। प्रशासन से क्षतिपूर्ति की मांग की गई हैै। पीड़ित सुनीता पैगामी ने बताया कि, हादसे के समय परिवार के 5 सदस्य घर में ही थे। सभी सुरक्षित हैं। मकान व सामान का नुकसान हुआ, लेकिन किसी को खरोंच तक नहीं आई। सदस्यों की जान बच गई, ऊपर वाले का शुक्रिया।
Created On :   7 Aug 2019 1:58 PM IST