प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के लिए साधु-संतों को भी आमंत्रण, भीड़ जुटाने भाजपा नेताओं को टार्गेट

डिजिटल डेस्क, मुंबई। विकास की विभिन्न परियोजनाओं के उद्धाटन व भूमिपूजन के लिए गुरुवार को मुंबई आ रहे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम में भारी भीड़ जुटाने के लिए पार्टी ने पूरी ताकत झोंक दी है। मुंबई भाजपा की तरफ से जगह-जगह पार्टी नेताओं की बैठक लेकर उन्हें मोदी की आघोषित जनसभा के लिए लोगों को लाने का टार्गेट दिया गया है। मोदी के इस कार्यक्रम को मुंबई मनपा चुनाव का शंखनाद माना जा रहा है। कार्यक्रम के लिए साधु-संतो को भी आमंत्रित किया गया है।
मुंबई भाजपा के उपाध्यक्ष आचार्य पवन त्रिपाठी ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आगामी 19 जनवरी को विभिन्न विकास परियोजनाओ के लोकार्पण के लिए मुंबई आ रहे हैं। इस कार्यक्रम में सहभागी होने के लिए सन्यास आश्रम के महामंडलेश्वर श्री स्वामी विश्वेश्वरानंद गिरी जी महाराज, बौद्ध धर्म गुरु भदंत डा राहुल बोधी, गुरुद्वारा दशमेश सहित विभिन्न धार्मिक स्थलों-मठों से सम्पर्क कर उन्हें निमंत्रण पत्र सौंपा गया है। सूत्रों के अनुसार प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के लिए एक लाख लोगों को जुटाने का लक्ष्य रखा गया है। बीकेसी के एमएमआरडीए मैदान में 90 हजार कुर्सियां लगाई गई हैं।
तीन घंटे मुंबई में रहेंगे मोदी
प्रदेश में शिंदे-फडणवीस की सरकार बनने के बाद पहली बार आर्थिक राजधानी मुंबई आ रहे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी महज तीन घंटे ही मुंबई में रहेंगे। संभवतः प्रधानमंत्री का अभी तक का यह सबसे छोटा मुंबई दौरा होगा। प्रधानमंत्री गुरुवार को शाम करीब 4.40 बजे मुंबई पहुंचेंगे। वे शाम 5 बजे मुंबई हवाई अड्डे से बांद्रा-कुर्ला कॉम्पलेक्स (बीकेसी) के एमएमआरडीए मैदान में मुंबई मेट्रो 2 ए और 7 सहित विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन और भूमिपूजन करेंगे। प्रधानमंत्री शाम 6.30 बजे मुंबई मेट्रो 7 के गुंदावली स्टेशन पर जाएंगे। जहां पर वे मुंबई मेट्रो एप और नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड का शुभारंभ करेंगे। इसके बाद पीएम मुंबई मेट्रो में सफर भी कर सकते हैं। मोदी शाम 7.15 मुंबई हवाई अड्डे से दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे।
पीएम के कार्यक्रम के लिए सरकारी पैसों की बर्बादीः पटोले
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले ने आरोप लगाया है कि गुरुवार को मुंबई आ रहे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम के लिए जनता का पैसा बर्बाद किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मोदी के कार्यक्रम के प्रचार-प्रसार के लिए सरकारी धन की लूट हो रही है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि 6 साल पहले प्रधानमंत्री मोदी ने अरब सागर में बनने वाले छत्रपति शिवाजी महाराज का स्मारक बनाने के लिए भूमिपूजन किया था पर उसका क्या हुआ? पटोले ने कहा कि मुंबई के बीकेसी मैदान में प्रधानमंत्री को मंहगाई, बेरोजगारी व किसान आत्महत्या के बारे में भी बोलना चाहिए।
Created On :   18 Jan 2023 9:29 PM IST