वोट डालने के लिए आने वाली महिला मतदाताओं को दिया जाएगा सेनेटरी पैड

डिजिटल डेस्क, मुंबई। लोकसभा चुनाव के चौथे चरण में महिला मतदाताओं को मतदान के लिए आकर्षित करने के खातिर एक नया प्रयोग करने का फैसला किया गया है। चुनाव आयोग की तरफ से मुंबई उपनगर के चार लोकसभा क्षेत्रों में स्थापित महिला सखी केंद्रों पर महिला मतदाताओं को सेनेटरी पैड वितरित किए जाएंगे। मुंबई उपनगर के 4 लोकसभा सीटों के तहत आने वाले 26 विधानसभा क्षेत्रों में एक-एक महिला सखी केंद्र स्थापित किए गए हैं। इन महिला सखी केंद्रों पर महिला वोटरों को सेनेटरी पैड बांटे जाएंगे। महिला मतदाताओं को सेनेटरी पैड वितरित करने की परिकल्पना मुंबई उपनगर के जिलाधिकारी सचिन कुर्वे की है।
मुंबई उपनगर के 4 लोकसभा क्षेत्रों में महिला सखी केंद्रों पर होगा वितरण
गुरुवार को अतिरिक्त मुख्य चुनाव अधिकारी दिलीप शिंदे ने कहा कि महिला सशक्तिकरण और स्वच्छता के बारे में जागरूकता पैदा करने के उद्देश्य से यह पहल की जा रही है। शिंदे ने कहा कि हर लोकसभा क्षेत्र में जिला निर्वाचन अधिकारियों की तरफ से वोटरों को मतदान के लिए जागरूक करने के लिए विभिन्न प्रयोग किए गए हैं पर महाराष्ट्र में सखी मतदान केंद्रों पर सेनेटरी पैड वितरित करने की योजना पहली बार अमल में लाई जा रही है। शिंदे ने कहा कि राज्य की 48 लोकसभा सीटों के तहत आने वाले 288 विधान सभा क्षेत्रों में एक-एक महिला सखी केंद्र स्थापित किए गए हैं।
Created On :   25 April 2019 7:51 PM IST