संजय राऊत - मुख्यमंत्री को जोशी और डाके से निष्ठा सीखनी चाहिए

Sanjay Raut - CM should learn loyalty from Joshi and Dake
संजय राऊत - मुख्यमंत्री को जोशी और डाके से निष्ठा सीखनी चाहिए
निशाना संजय राऊत - मुख्यमंत्री को जोशी और डाके से निष्ठा सीखनी चाहिए

डिजिटल डेस्क, मुंबई। शिवसेना सांसद संजय राऊत ने मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की शिवसेना के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर जोशी और पूर्व मंत्री लीलाधर डाके से मुलाकात करने को लेकर कटाक्ष किया है। शुक्रवार को राऊत ने मुख्यमंत्री को जोशी और डाके से पार्टी के प्रति निष्ठा सीखने की नसीहत दी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को जोशी और डाके से निष्ठा सीखनी चाहिए। क्योंकि सत्ता और पद के लिए जोशी और डाके ने कभी शिवसेना के साथ विश्वासघात नहीं किया है। जोशी और डाके शिवसेना के निष्ठावान नेता हैं। इन दोनों नेताओं ने शिवसेना प्रमुख दिवंगत बालासाहब ठाकरे और शिवसेना पक्ष प्रमुख उद्धव ठाकरे के साथ काम किया है। दोनों नेताओं ने शिवसेना के अच्छे और बुरे दिनों में पार्टी का साथ कभी नहीं छोड़ा। उनसे बहुत कुछ सीखा जा सकता है। 

सत्ता परिवर्तन वाले बयान पर कायम हूं

गुरुवार को राऊत ने प्रदेश में एक बार फिर से सत्ता परिवर्तन होने का दावा किया था। जिस पर मुख्यमंत्री ने कहा था कि वह सपना देख रहे हैं। मुख्यमंत्री की इस टिप्पणी पर राऊत ने अब जवाब दिया है। राऊत ने कहा कि सपना हर व्यक्ति देखता है। किसी ने मुख्यमंत्री बनने का सपना पूरा किया है। हमें महाराष्ट्र में दोबारा लोकतांत्रिक तरीके से शिवसेना की सत्ता लानी है। शिवसेना की सत्ता में वापसी का दिन जल्द आएगा। मैं सत्ता परिवर्तन वाले बयान पर कायम हूं।

अलग पार्टी बनाकर अस्तित्व दिखाएं मुख्यमंत्री

राऊत ने कहा कि मुख्यमंत्री अब शिवसेना से अलग हो चुके हैं। वह नई पार्टी बनाकर अपना अस्तित्व दिखाएं। मुख्यमंत्री की ओर से शिवसेना के संगठन में बागी नेताओं की समानांतर नियुक्ति के सवाल पर राऊत ने कहा कि उनका अब शिवसेना से कोई संबंध नहीं है। शिंदे को शिवसेना के संगठन में नियुक्ति करने का कोई अधिकार भी नहीं है। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की ओर से समन भेजे जाने पर राऊत ने कहा कि मेरी आवाज को दबाने की कोशिश की जा रही है। लेकिन मुझ पर चाहे कितना भी दबाव आए, मैं आखिरी सांस तक शिवसेना के साथ में रहूंगा। मैं किसे के आगे घुटने नहीं टेकने वाला हूं। 

 

Created On :   29 July 2022 8:30 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story