संजय शिरसाट ने कहा - मिलिंद नार्वेकर हमारे सम्पर्क में है

डिजिटल डेस्क, मुंबई। शिवसेना (उद्धव ठाकरे) के पक्ष प्रमुख उद्धव ठाकरेके निजी सचिव मिलिंद नार्वेकर कभी सांसद-विधायक नहीं रहे पर वे राजनीति के केंद्र में रहते हैं। ठाकरे परिवार के विश्वसनीय नार्वेकर शिवसेना में विभाजन के बाद से चर्चा में हैं। विधानमंडल के बजट सत्र के पहले दिन सोमवार को नार्वेकर एक बार फिर चर्चा में आ गए। इस बीच शिंदे गुट ने दावा किया है कि नार्वेकर उनके सम्पर्क में हैं और जल्द उनके साथ दिखाई देंगे। दरअसल हुआ यह कि बजट सत्र के पहले दिन सोमवार को विधानभवन पहुंचे नार्वेकर आदित्य ठाकरे के साथ सेंट्रल हाल में जाकर बैठ गए। हालांकि जब आदित्य ने उन्हें ध्यान दिलाया कि यहां पर केवल विधायक ही बैठ सकते हैं तो वे सेंट्रल हाल से बाहर चले गए। बाद में आदित्य ठाकरे ने कहा कि भूलवश नार्वेकर सेंट्रल हाल में चले गए थे। जबकि शिंदे गुट के विधायक संजय शिरसाट ने कहा कि नार्वेकर हमारे सम्पर्क में हैं। बहुत दिनों से उनकी विधायक बनने की इच्छा है। शिरसाट ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट का फैसला आने के बाद देखिए हमारी पार्टी में कितनी इनकमिंग होती है। इसके पहले गणशोत्सव के दौरान मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे नार्वेकर के घर गए थे। उस दौरान नार्वेकर की ठाकरे परिवार से दूरी बढ़ने की चर्चाओं ने जोर पकड़ा था। कभी साए की तरह उद्धव ठाकरे के साथ रहने वाले नार्वेकर अभी मातोश्री पर कम दिखाई देते हैं।
Created On :   27 Feb 2023 8:37 PM IST