मंत्रालय आने वाले नागरिकों से मिलें सचिव, सभी विभाग के सचिवों के साथ की बैठक

डिजिटल डेस्क, मुंबई। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने सरकार के विभिन्न विभागों के सचिवों से कहा है कि जनता की समस्याओं का समाधान करते समय सकारात्मक भाव रखें। उन्होंने अपेक्षा व्यक्त करते हुए कहा कि सचिवों को मंत्रालय में अलग-अलग काम लेकर आने वाले नागरिकों से मिलना चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि जल्द ही सरकार के 100 दिनों का कार्यक्रम तैयार किए जाएंगे। जिसमें पूर्व की महाविकास आघाड़ी सरकार द्वारा शुरू किए गए जनहित के कामों को जारी रखा जाएगा।
मंगलवार को मुख्यमंत्री ने मंत्रालय में सभी विभागों के सचिवों के साथ बैठक की। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रशासन पर कामकाज का तनाव कम करने के लिए रिक्त पदों पर भर्ती करना आवश्यक है। सभी विभाग रिक्त पदों की भर्ती के लिए तैयारी करके रखें। मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार और राज्य सरकार की योजनाओं को गति देने के लिए प्रयास करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि देश में महाराष्ट्र की अच्छी छवि है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्य सरकार के साथ मजबूती से खड़े रहने का भरोसा दिया है। केंद्र सरकार के मंत्री भी राज्य को सहयोग करने के लिए इच्छुक है। ऐसे में सचिवों को नई योजनाएं तैयार करनी चाहिए। केंद्र सरकार से अधिक से अधिक निधि हासिल करने की दृष्टि से तत्काल प्रस्ताव पेश करें। विशेष रूप से रेलवे और महामार्ग के बारे में केंद्र सरकार से सम्पर्क स्थापित करना चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों के लिए मंत्रिमंडल की बैठकों में लिए गए फैसलों को तत्काल लागू किया जाए। अधिक बारिश से फसलों का हुए नुकसान का तत्काल पंचनामा करके नुकसान भरपाई देने के कामों में गति लाई जाए। उन्होंने कहा कि राज्य में सड़कों के मरम्मत के लिए नई प्रौद्योगिकी का प्रभावी रूप से उपयोग के लिए प्राथमिकता दी जाए। किसी काम में गुणवत्ता से समझौता न करें।
आवश्यक कामों पर रोक नहीं लगाई गई
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि पूर्व की महाविकास आघाड़ी सरकार के आखिरी दिनों में जल्दबाजी में लिए गए गलत फैसलों पर रोक लगाई गई है। लेकिन जनता से संबंधित आवश्यक कामों को स्थगिति नहीं दी गई है।
Created On :   26 July 2022 9:32 PM IST