शरद पवार ने कहा - कोश्यारी से महाराष्ट्र को छुटकारा मिल गया

Sharad Pawar said - Maharashtra got rid of Koshyari
शरद पवार ने कहा - कोश्यारी से महाराष्ट्र को छुटकारा मिल गया
बड़ा निशाना शरद पवार ने कहा - कोश्यारी से महाराष्ट्र को छुटकारा मिल गया

डिजिटल डेस्क, मुंबई। राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी का इस्तीफा मंजूर किए जाने के फैसले का विपक्ष के गठबंधन महाविकास आघाड़ी ने स्वागत किया है। पुणे में राकांपा के पदाधिकारियों ने मिठाई बांटकर जश्न मनाया। राकांपा के अध्यक्ष शरद पवार ने कहा कि कोश्यारी से महाराष्ट्र को छुटकारा मिल गया है। महाराष्ट्र के इतिहास में कोश्यारी जैसे राज्यपाल पहले कभी नहीं रहे हैं। केंद्र सरकार और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कोश्यारी की जगह नए राज्यपाल रमेश बैस की नियुक्ति की है। यह बहुत ही अच्छा फैसला है। पवार ने कहा कि कोश्यारी ने राज्यपाल पद रहते हुए संविधान के खिलाफ जो भी फैसले लिए हैं। इसकी अब जांच होनी चाहिए। जबकि शिवसेना (उद्धव बालासाहब ठाकरे) के पक्ष प्रमुख तथा पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने राज्यपाल का नाम लिए बिना कहा कि रविवार के दिन का मुहूर्त अच्छा है। छत्रपति शिवाजी महाराज का अपमान करने वाले पार्सल को कुरियर से वापस भेजा जा रहा है। वहीं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले ने कहा कि महाराष्ट्र का राजभवन भाजपा भवन बन गया था। हमने शिवाजी महाराज का अपमान करने वाले राज्यपाल को बर्खास्त करने की मांग की थी। लेकिन राज्यपाल का इस्तीफा मंजूर किया गया है। इसका मतलब है कि उन्हें सम्मान के साथ वापस भेजा रहा है। महाराष्ट्र की जनता आने वाले चुनाव में इस अपमान का बदला लेगी। राकांपा के प्रदेश अध्यक्ष जयंत पाटील ने कहा कि भाजपा राज्यपाल को बदलने का श्रेय नहीं ले सकती है। क्योंकि शिवाजी महाराज के खिलाफ राज्यपाल की टिप्पणी पर भाजपा चुप थी। अब नए राज्यपाल से अपेक्षा है कि वे कम से कम राज्य की भाजपा सरकार की कठपुतली नहीं बनेंगे। शिवसेना सांसद संजय राऊत ने कहा कि राज्यपाल ने शिवाजी महाराज और सावित्रीबाई फुले के खिलाफ जो अपमानजनकर टिप्पणी की थी। उसके बाद से उन्हें तत्काल हटा देना चाहिए था। लेकिन केंद्र सरकार ने कोश्यारी को नहीं हटाया। अब दूसरे राज्यों में राज्यपाल की नियुक्ति के फैसले के साथ कोश्यारी का इस्तीफा मंजूर किया गया है। इससे केंद्र सरकार ने महाराष्ट्र पर बहुत बड़ा उपकार नहीं किया है। इस बीच भाजपा सांसद छत्रपति छत्रपति उदयनराजे भोसले ने कहा कि शिवाजी महाराज के खिलाफ टिप्पणी करने जितना कोश्यारी का कद नहीं है। कोश्यारी को माफ नहीं किया जा सकता है। 

कोश्यारी की जांच करने की मांग बचकानी - बावनकुले 

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले ने कहा कि केंद्र सरकार ने कोश्यारी का सम्मान करते हुए उनका इस्तीफा स्वीकार किया है। राकांपा अध्यक्ष पवार के बयान पर पलटवार करते हुए बावनकुले ने कहा कि कोश्यारी की जांच करने की मांग बचकानी है। राज्यपाल सरकार नहीं चलाते हैं। सरकार के फैसले लेने का अधिकार मुख्यमंत्री के पास होता है। राज्यपाल केवल इतना देखते हैं कि सरकार संविधान के अनुसार चल रही है अथवा नहीं। 
 

Created On :   12 Feb 2023 7:54 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story