- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- टैक्स कम के बहाने चल रहा था...
टैक्स कम के बहाने चल रहा था सेटलमेंट का गोरखधंधा, नोटिस जारी

डिजिटल डेस्क, नागपुर। महानगर पालिका में टैक्स कम करने के बहाने सेटलमेंट का गोरखधंधा चालू है। दैनिक भास्कर ने हनुमान नगर जोन में एक व्यक्ति का 49,408 रुपए का संपत्ति कर बिल 4 हजार 369 रुपए में सेटलमेंट करने का मामला उजागर किया था। इसके बाद मनपा ने हनुमान नगर जोन के दो अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। उन्हें 24 घंटे में जवाब देने को कहा गया है। जवाब संतोषजनक नहीं होने पर दोनों को निलंबित करने का आदेश दिया गया है। फिलहाल इस मामले में बड़ा रैकेट सामने आ रहा है। अधिकारियों के यूजर-आईडी चोरी कर यह सेटलमेंट होने का खुलासा हुआ है, जिसके बाद शहर भर में ऐसे प्रकरणों की जांच शुरू कर दी गई है।
लाखों के बिल हजारों में सेटल
मनपा ने संपत्ति कर बकायादारों के खिलाफ जब्ती और नीलामी की कार्रवाई शुरू की है। इससे घबरा कर बकायादार अपना बिल भुगतान करने जोन कार्यालयों के दौड़ लगा रहे हैं। इसका फायदा उठाकर स्थानीय कर्मचारी उन्हें बिल कम करने का झांसा देकर मनपा को चूना लगा रहे हैं। लाखों के बिल हजारों में सेटल कर बड़ी राशि डकारी जा रही है, जिसमें स्थानीय कर्मचारियों का एक गिरोह काम कर रहा है। सेटलमेंट के लिए कर विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों के कंप्यूटर यूजर-आईडी का दुरुपयोग होने के मामले सामने आए हैं।
दूसरों को आईडी बताना हुआ घातक
सूत्रों ने बताया कि मनपा में अधिकारी-कर्मचारी सालों से कागज-कलम से काम कर रहे हैं। अचानक इन्हें कंप्यूटर थमा दिया गया। ज्यादातर के लिए ये ‘काला अक्षर भैंस बराबर’ जैसा है। इसलिए वे अपने सहयोगी या कंप्यूटर ऑपरेटर की मदद लेते हैं। विश्वास के कारण उन्हें अपना यूजर-आईडी भी बताते हैं। ज्यादातर मामलों में यूजर-आईडी बताना ही घातक साबित हो रहा है। सहयोगी या फिर कंप्यूटर ऑपरेटर ने दूसरों का आईडी यूजर इस्तेमाल कर सांठ-गांठ की है, जिससे पता लगाने में मुश्किल हो रही है कि किसने लाखों के कर हजारों में किए हैं। लगभग शहर भर में ऐसे काफी मामले हैं। हर जोन में यह शिकायत है। मनपा संपत्ति कर विभाग भी मान रहा है कि यूजर आईडी का दुरुपयोग कर टैक्स सेटलमेंट किया जा रहा है। सभी जोन में ऐेसे प्रकरणों की तलाश की जा रही है।
क्या था मामला
मामला हनुमान नगर जोन का है। संबंधित बकायादार को जोन ने 49 हजार 408 रुपए का जब्ती वारंट थमाया था। जब मनपा की टीम कार्रवाई करने पहुंची, तो वह बिल देखकर हैरान रह गई। उस व्यक्ति ने अपना चुकता बिल दिखाया, वह भी 4 हजार 369 रुपए का। यह बिल इतना कम कैसे हो गया, यह संपत्ति कर अधिकारी भी समझ नहीं पा रहे हैं। किसने यह करामात की, पता नहीं चल पा रहा था। 23 नवंबर 2017 को संबंधित व्यक्ति (इंडेक्स नंबर 13000281) ने 4 हजार 369 रुपए का कर भुगतान किया है। अब यह मामला संदिग्ध बन गया है। इस मामले में संपत्ति कर विभाग ने जांच की, तो हनुमान नगर जोन के दो कर्मचारियों के नाम सामने आए। इन दोनों कर्मचारियों को निलंबन का नोटिस जारी किया गया है। 24 घंटे में संतोषजनक जवाब नहीं देने पर निलंबन की कार्रवाई की जाएगी। अब खुद को फंसा देख अधिकारी, स्थानीय एक महिला अधिकारी को भी इसमें फंसाने की तैयारी कर रहे हैं। कर सेटलमेंट के समय भ्रष्टाचारियों ने इस महिला अधिकारी को भी अपने साथ मिलाने की साजिश रची थी, किन्तु इसने इनकार कर दिया था।
दो को नोटिस जारी
मिलिंद मेश्राम, सहायक आयुक्त, कर विभाग मनपा के मुताबिक हनुमान नगर जोन में टैक्स सेटलमेंट प्रकरण में दो लोगों को निलंबन का नोटिस जारी किया गया है। इन्हें 24 घंटे का वक्त दिया गया है। फिलहाल यूजर-आईडी चोरी कर ऐसे प्रकरणों को अंजाम दिया जा रहा है, जिससे पूरे शहर में ऐसे प्रकरणों की तलाश कर उनकी जांच की जा रही है।
Created On :   13 Dec 2017 10:52 PM IST