सोयाबीन- तुअर के दाम में बढ़ोतरी, बाजार में हल्की उछाल

डिजिटल डेस्क, अकोला। सोयाबीन के दाम में इन दिनों बाजार में हल्की उछाल आई है। जबकि तुअर के दाम फिलहाल स्थिर है, दोनों ही कृषि उपज सामग्री की मांग है किंतु बाजार में आवक नाममात्र है। बता दें कि सोयाबीन के दाम में उछाल के बाद गिरावट दर्ज की गई थी, विगत सप्ताह सोयाबीन प्रति क्विंटल 6 हजार रूपए के दाम पर बिक रहा था। इन दिनों किसान खरीफ फसल की तैयारी में जुटे हुए है। विगत वर्ष खरीफ मौसम में सोयाबीन तथा तुवर फसल की बेहतर पैदावार हुई थी। वहीं किसानों को भी समर्थन मूल्य अधिक मिले थे किसानों को उम्मीद थी कि आगामी दिनों में सोयाबीन प्रति क्विंटल 8 हजार रूपए का आंकड़ा पार कर जायेगा। इसलिए किसान तथा व्यापारी ने सोयाबीन की फसल को संग्रहित कर रखा था। लेकिन बाजार में चढाव के बजाए गिरावट दर्ज की जाने लगी। आखिरकार सोयाबीन के दाम 6 हजार रूपए प्रति क्विंटल पर स्थिर हो गया था। खरीफ मौसम करीब आने के कारण किसान बाजार में सोयाबीन बेचने के लिए ला रहे थे। बाजार में आवक अधिक तथा दाम कम होने के कारण किसानों ने फसल बेचने की बजाए वापस लेकर गए थे। इन दिनों किसान खरीफ मौसम की बुआई तथा अन्य कार्यों में व्यस्त हो गए है। कृषि उपज मंडी में सोयाबीन तथा तुवर फसल की मांग है। इसके अनुपात में आवक काफी कम है, बाजार में इन दिनों सोयाबीन प्रति क्विंटल 6 हजार 180 रूपए प्रतिक्विंटल बिक रहा है। जो विगत सप्ताह 6 हजार रूपए प्रति क्विंटल था। वहीं तुवर 7 हजार 350 रूपए प्रति क्विंटल है जो विगत सप्ताह 7 हजार रूपए था।
Created On :   29 July 2022 6:12 PM IST