नागपुर में बनेगा मुक्तिबोध का स्मारक, स्मृति संजोने का प्रयास

statue of litterateur gajanan muktibodh will prepare in nagpur
नागपुर में बनेगा मुक्तिबोध का स्मारक, स्मृति संजोने का प्रयास
नागपुर में बनेगा मुक्तिबोध का स्मारक, स्मृति संजोने का प्रयास

डिजिटल डेस्क, नागपुर। दैनिक भास्कर के खास कार्यक्रम में साहित्यकार गजानन मुक्तिबोध का स्मारक बनाने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया। "मुक्तिबोध के बहाने" कार्यक्रम में मनपा आयुक्त अश्विन मुद्गल ने स्मारक बनाने पर सहमति जताते हुए इस संबंध में हरसंभव सहयोग की बात कही। मुक्तिबोध के जन्म शताब्दी वर्ष पर दैनिक भास्कर द्वारा आयोजित कार्यक्रम में महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय वर्धा के पूर्व प्र-कुलपति प्रो. अरविंदाक्षण ने नागपुर में मुक्तिबोध का भव्य स्मारक बनाने का प्रस्ताव रखा। उन्होंने कहा कि मुक्तिबोध ने काफी समय उपराजधानी में बिताया है। उनकी स्मृति को संजोने के लिए ऐसा स्मारक बने, जिससे साहित्यिक गतिविधियों को गति मिले। 

उपराजधानी में बने स्मारक
देश के साहित्य प्रेमियों की ओर से प्रस्ताव का अनुमोदन आकाशवाणी के पूर्व उद्घोषक और मंच संचालक किशन शर्मा ने किया। प्रास्ताविक में दैनिक भास्कर के समूह संपादक प्रकाश दुबे ने मुक्तिबोध का स्मारक संतरानगरी बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार ने राजनांदगांव में मुक्तिबोध का स्मारक बनवाया है। जहां उनकी चीजों को दर्शन के लिए रखा गया है। उन्होंने नागपुर में सबसे कठिन और ज्यादा संघर्ष भरे दिन गुजारे। इसलिए नागपुर में उनका स्मारक बनाया जाना चाहिए।

संग्रहालय बनाने का प्रयास : मनपा आयुक्त
मनपा आयुक्त अश्विन मुद्गल ने नागपुर में स्मारक बनाए जाने पर सहमति जताई। उन्होंने आश्वस्त किया कि मुक्तिबोध का संग्रहालय बनाने की दिशा में आवश्यक प्रयास महानगरपालिका की ओर से किए जाएंगे। वरिष्ठ साहित्यकार विष्णु खरे ने बताया कि डोंबिवली में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने मुख्यमंत्री के समक्ष मुक्तिबोध के स्मारक का मुद्दा उठाया था। खरे ने कहा कि उम्मीद है मुख्यमंत्री इस दिशा में कदम उठाएंगे। मराठी साहित्य महामंडल के अध्यक्ष डॉ. श्रीपाद भालचंद्र जोशी ने कहा कि स्मारक के सिलसिले में वे मुख्यमंत्री को दो स्मरणपत्र लिख चुके हैं। तीसरा पत्र शीघ्र लिखेंगे।

Created On :   5 Nov 2017 8:14 PM IST

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story