- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- कूलर भी काम न आया जल गया...
कूलर भी काम न आया जल गया ट्रांसफार्मर, अचानक चिंगारी उठी और आग पकड़ी

डिजिटल डेस्क, नागपुर। तपती दोपहरी में लोग ठंडी हवा में आराम कर रहे थे कि अचानक बिजली गुल हो गई। ठंडी हवा में अलसाए लोग अचानक पसीने में भीग गए और गर्मी असहनीय हो गई। जानकारी के अनुसार छत्रपति उपकेंद्र में लगा 10 एमवीए का ट्रांसफार्मर जल गया। ट्रांसफार्मर को तपती गर्मी में ठंडा रखने के लिए कूलर भी लगाया गया था, इसके बावजूद इसमें आग लग गई।
सूत्रों के अनुसार ट्रांसफार्मर वायी फेज की बुशिंग के घिसने से चिंगारी उठी और ट्रांसफार्मर में भरे गर्म तेल ने आग पकड़ ली। आग के लगते ही उपकेंद्र के चालक ने ट्रांसफार्मर की आपूर्ति बंद कर दी व आग बुझाने के यंत्रों से आग पर काबू पाया। करीब 2 घंटे की मशक्कत के बाद शाम 5.30 बजे ट्रांसफार्मर को पुन: शुरू किया जा सका। इसके बाद ही विद्युत आपूर्ति सामान्य हो सकी।
जानकारी के अनुसार करीब 8 हजार उपभोक्ताओं ने 2.30 घंटे तपती दोपहर में बगैर बिजली के गुजारे। उल्लेखनीय है कि शनिवार को भी महापारेषण के 132 केवीए उपकेंद्र में खराबी आने से दक्षिण नागपुर की कई बस्तियों की बिजली घंटों गुल रही।
लग जाती है आग
ट्रांसफार्मर का कार्य 33 केवी और 11 केवी के करंट को घरेलू व व्यावसायिक प्रयोग के लिए आवश्यक वोल्टेज में परिवर्तित करने और उसकी गुणवत्ता बनाए खरने में महत्पूर्ण भूमिका होती है। इसके चलते यह गर्म होते हैं। सामान्यत: इनका तापमान 50 डिग्री के आस-पास होता है। इसे ठंड रखने के लिए ऑयल भरा जाता है। गर्मियों में तापमान 70 डिग्री के ऊपर पहुंच जाता है। इसलिए इन्हें ठंडा रखने के लिए कूलर लगाए जाते हैं। तापमान बढ़ने और किसी बुशिंग या बैरिंग के खराब होने से चिनगारियां उठती हैं, जिससे ऑयल में आग लग जाती है। नागपुर शहर में गर्मी इतनी पड़ती है कि लोग कूलर-एसी के बिना रह नहीं सकते हैं। गर्मी में बिजली की मांग बढ़ जाने से आए-दिन डीपी व ट्रांसफार्मर में आग लगने की घटनाएं होती रहती है।
Created On :   4 Jun 2019 3:24 PM IST