पुनर्मतगणना को लेकर बिफरे समर्थक, 6 वाहनों में तोडफ़ोड़, सूबेदार, एएसआई तथा आरक्षक घायल

डिजिटल डेस्क कटनी। बाकल क्षेत्र के मोहतरा में आधी रात को जमकर बवाल मचा। प्राथमिक स्कूल मोहतरा में मतदान केन्द्र क्रमांक 20 और 21 का पोलिंग दल करीब दो घंटें तक दहशत के साए में रहा। दरअसल विवाद रिकाउंटिंग को लेकर हुआ। दो पक्षों के बीच हार-जीत के मामूली अंतर को एक पक्ष स्वीकार नहीं कर सका। उसके समर्थकों ने रात में ही करीब 11.0 पर विवाद शुरु कर दिया। विवाद की जानकारी लगने पर मौके पर एसडीएम और तहसीलदार समझाईश देने को पहुंचे। जिसमें उन्होंने कहा कि यदि काउंटिंग में किसी तरह की शिकायत है तो लिखित में आवेदन दें। इसके बावजूद विरोध करने वाला पक्ष चुनाव को निरस्त करने को लेकर अडिग रहा। अफसरों ने जब निर्वाचन के नियमों का हवाला दिया तो फिर देखते-देखते आधा गांव एक जुट होकर पथराव किया। इस पथराव से तीन से चार वाहनों के कांच टूट गए तो बड़े-बड़े बोल्डर फेंकने से दीवारों में सीमेंट की छपाई भी निकल गई। पुलिस ने आंसू गैस छोड़कर काबू पाया। इस विवाद में पुलिस के कुछ कर्मचारी भी घायल हो गए।
कमरों में बंद कर बचाई जान
मतदान कक्ष के बाहर उपद्रवी पुलिस के वाहनों में तोडफ़ोड़ कर चुके थे। बाद में एसडीएम और तहसीलदार पहुंचे। मौके को भांपते हुए दोनों वाहनों को यहां के कर्मचारी पोलिंग बूथ में अंदर कराए। रात में 11.0 से लेकर 2 बजे तक यहां पर हंगामा होता रहा। विरोध करने वाले के समर्थक काउंटिंग में अंदर रहे। अंदर पीठीसीन अधिकारी से कहासुनी भी हुई। बाहर समर्थक प्रशासन के विरोध में नारे लगा रहे थे। आलम यह रहा कि उपद्रवी पोलिंग बूथ के अंदर न आने पांए। जिसके लिए गेट में ही पुलिस ने मोर्चा संभाल रखा था। कर्मचारी और अधिकारी भी अपने आप को कमरों में बंद कर सुरक्षित कर लिए थे।
शनिवार को भी पेट्रोलिंग
रात में बवाल का असर शनिवार को भी दिखाई दिया। ग्रामीणों में आपस में किसी तरह का विवाद न होने पाए। जिसके लिए जिला मुख्यालय के अधिकारी यहां पर नजर रखे रहे। शाम को राजस्व और पुलिस का अमला यहां पर फिर से पहुंचा। प्रारंभिक रुप से तोडफ़ोड़ करने के मामले में 10 लोगों की पहचान की गई है। 70 से 80 अज्ञात उपद्रवी भी बताए जा रहे हैं। जिनकी खोजबीन पुलिस ने शुरु कर दी है।
सख्ती के बाद टूटा हौसला
मौके पर बवाल की जानकारी लगने पर रात में ही तीन थानों का पुलिस बल यहां पहुंचा। साथ ही जिला मुख्यालय से भी पुलिस अधिकारी गए। सख्ती के बाद उपद्रवियों का हौसला टूटा। पर्याप्त पुलिस बल होने पर अधिकारियों ने उपद्रवियों से निपटने के लिए मोर्चा संभाला और वहां पर पहुंचे। जहां पर भीड़ एकत्र थी। भारी पुलिस बल को देखने के बाद उपद्रवी छितर-बितर होकर अपने घरों की ओर लौट गए।
इनका कहना है-
काउंटिंग परिणाम के बाद मोहतरा में अप्रिय घटना घटित होने पर कुछ लोगों पर मामला दर्ज कर लिया गया है। अन्य आरोपियों की पतासाजी शुरु कर दी गई है।
-सुनील जैन, एसपी
Created On :   9 July 2022 11:01 PM IST