थोरात ने पार्टी अध्यक्ष को लिखा पत्र - नाना पटोले के साथ अब काम करना मुश्किल

डिजिटल डेस्क, मुंबई। जिस विधान परिषद चुनाव में मिली जीत से कांग्रेस कार्याकर्ता उत्साहित हैं, उसी चुनाव को लेकर पार्टी की अंदरुनी कलह एक बार फिर बाहर आ गई है। कांग्रेस विधायक दल के नेता बाला साहेब थोरात ने कांग्रेस अध्यक्ष को पत्र लिख कर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले की शिकायत की है। थोरात ने आरोप लगाया है कि विधान परिषद चुनाव को लेकर पटोले ने उन्हें बदनाम करने की कोशिश की। इस बीच कांग्रेस नेता आशिष देशमुख ने भी पटोले पर हमला बोला है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडगे को लिखे पत्र में बालासाहेब थोरात ने कहा है कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पटोले बगैर चर्चा किए सारे फैसले करते हैं। अब उनके साथ काम करना मुश्किल होता जा रहा है। वे पार्टी नेताओं को महत्व नहीं देते हैं।थोरात ने यह भी कहा है कि प्रदेश नेतृत्व ने उनका अपमान किया और सत्यजीत तांबे के विधानसभा चुनाव लड़ने के मुद्दे पर उनके परिवार के खिलाफ बयान दिये गये। खडगे को लिखे पत्र में कहा गया है कि अहमदनगर के कुछ नेताओं को इस मुद्दे पर दंडित किया गया है। पटोले ने 26 जनवरी कोअहमदनगर जिला कांग्रेस कमेटी को पार्टी विरोधी गतिविधियों के लिए भंग कर दिया था। वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण ने कहा कि यह सब कांग्रेस में अधिक लोकतंत्र होने की वजह से हो रहा हैं। वहीं, अशोक चव्हाण ने कहा कि यह पार्टी का अंदरूनी मामला है। पार्टी इस मामले को आपस में बैठकर निपटा लेगी। हाल ही में विधान परिषद की पांच सीटों के चुनाव में कांग्रेस ने नाशिक मौजूदा एमएलसी सुधीर तांबे को उम्मीदवार बनाया था लेकिन उनके स्थान पर उनके बेटे प्रदेश युवक कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष सत्यजीत तांबे निर्दलीय चुनाव लड़े और भाजपा की मदद से जीत भी गए। इससे कांग्रेस सीट भी हार गई और कलह भी सामने आ गई है। सत्यजीत तांबे पूर्व मंत्री बालासाहेब थोरात के भांजे हैं। चुनाव नतीजे आने के बाद सत्यजीत तांबे ने दावा किया कि उनके परिवार को कांग्रेस से बेदखल करने की साजिश रची गई थी। उनके पिता सुधीर तांबे को उम्मीदवार बनाया गया लेकिन ए बी फार्म गलत दिया गया।
हालांकि नाना पटोले ने पुणे में पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि उन्हें नहीं लगता कि बालासाहेब थोरात ने ऐसा कोई पत्र लिखा है। उन्होंने कहा कि वह केवल तभी टिप्पणी कर पाएंगे जब उन्हें इस पत्र में क्या लिखा है इस बारे में जानकारी होगी।
Created On :   6 Feb 2023 9:57 PM IST