पहले मवेशी का किया शिकार पांजरी लोधी गांव में दहशत

डिजिटल डेस्क, नागपुर. शिकार की तलाश करते-करते एक बाघ गांव के स्कूल तक पहुंच गया। एक किसान ने उसे देखा। वन विभाग को जानकारी दी गई। वन विभाग ने कैमरा ट्रैप लगाकर गश्त शुरू कर दी है। बाघ ने एक मवेशी का भी शिकार किया है। बुटीबोरी से 10 किमी की दूरी पर पांजरी लोधी गांव है। यह गांव जंगल के पास है। यहां जिला परिषद की एक स्कूल भी है। गुरुवार को एक बाघ यहां तक पहुंच गया। इसके पहले वह एक मवेशी को अपना निवाला बना चुका था। बाघ इसी परिसर में घूम रहा था। शुक्रवार की सुबह स्कूल के पास से जा रहे किसान की इस पर नजर पड़ी। उसने वन विभाग को जानकारी दी। वन विभाग ने तुरंत एक्शन लेते हुए घटनास्थल पर पहुंच स्कूल को खाली कराया। फिर ट्रैप कैमरे लगाकर गश्त शुरू कर दी। वन विभाग ने किसानों को फिलहाल खेत में न जाने की चेतावनी दी है। बाघ की मूवमेंट पर नजर रखी जा रही है। कैमरे में बाघ का फुटेज नजर आया है, लेकिन बारिश के कारण धुंधला है। कुछ लोगों ने व स्कूली बच्चों ने भी बाघ के साथ शावक देखने की बात भी कही है। हालांकि वन विभाग ने अभी इसे स्पष्ट नहीं किया है। फिलहाल गांव में दहशत बनी हुई है।
करांडला से आ सकता है
जानकारों की मानें तो यह बाघ उमरेड करांडला परिसर से आया हो सकता है। बारिश में शिकार की कमी होने के कारण बाघ हमेशा गांव के पास आकर पालतू जानवरों का शिकार करते हैं।
बाघ की पुष्टि हुई है
बाघ को देखने की बात सच है। वन विभाग ने फुटेज में बाघ को देखा है। उसने एक मवेशी को भी मारा है। नजर रखी जा रही है। गांववालों को यहां आने से मना किया है।
-प्रमोद वाडे, वनपरिक्षेत्र अधिकारी, बुटीबोरी, वन विभाग
Created On :   10 July 2022 6:41 PM IST