मिहान परिसर में नजर आया बाघ, मेट्रो के लिटिल वुड में दिखा तेंदुआ

Tiger spotted in Mihan campus, leopard spotted in Little Wood of Metro
मिहान परिसर में नजर आया बाघ, मेट्रो के लिटिल वुड में दिखा तेंदुआ
मिहान परिसर में नजर आया बाघ, मेट्रो के लिटिल वुड में दिखा तेंदुआ

डिजिटल डेस्क, नागपुर।  शहर से सटे वन परिक्षेत्र में दिखने वाले वन्यजीव अब शहर की ओर रुख करने लगे हैं जिससे लोग काफी दहशत में हैं।  17 नवंबर से मिहान परिसर में घूम रहा बाघ गुरुवार को तड़के खड़का शिवार में लगे वन विभाग के कैमरे में नजर आया। बुटीबोरी वन परिक्षेत्र के राउंड अधिकारी त्रिपाठी के अनुसार बाघ अब खड़का शिवार से मोंढा की ओर चला गया है। मामले की जानकारी हिंगना वनविभाग को दिए जाने पर वन परिक्षेत्र अधिकारी आशीष निनावे ने कहा कि, हमारी टीम अंबाझरी में नजर आए तेंदुए को पकड़ने में लगी है। बता दें कि, मोंढा गांव से कुछ ही दूर से ही  हिंगना का जंगल शुरू हो जाता है।  

बंद पड़े पावर प्लांट में आते हैं वन्यजीव 
कुछ माह पहले देवली संवगी गांव के पास बोरगांव में केले के खेत में बाघ आया था। उस समय हिंगना वन विभाग और रेस्क्यू टीम काफी मशक्कत के बाद बाघ को जंगल की ओर भेजने में कामयाब हुई थी। कुछ साल पहले उखली गाव के समीप बंद पड़े अभिजीत पॉवर प्लांट में बाघ को देखा गया था। प्लांट के पास से ही हिंगना का जंगल शुरू होता है। चर्चा है कि, बाघ यहां मोंढा गांव के नाले से होता हुआ खड़का और मिहान परिसर में पहंुचा होगा। 

मेट्रो के लिटिल वुड में नजर आया तेंदुआ
अंबाझरी वन क्षेत्र में स्थित मेट्रो के लिटिल वुड परिसर में गुरुवार को सुबह तेंदुआ नजर आया। एक मजदूर को घास में बैठा तेंदुआ नजर आया। सूचना मिलते हर हिंगना वन विभाग का दल लिटिल वुड पहुंचा और पूरे परिसर को सील कर दिया। पश्चात पैदल गश्त की, लेकिन तेंदुआ कहीं नजर नहीं आया। ड्रोन की मदद से भी पूरे परिसर की छानबीन की गई। बहरहाल, विभाग ने आप-पास के इलाके के लोगों को सतर्क रहने की चेतावनी दी है। लिटिलवुड पहुंचने वाली वनविभाग की टीम में ए.एस. निनावे ( वनपरीक्षेत्र अधिकारी, हिंगना), पी.बी. बडोले (क्षेत्र सहायक, हिंगना), ताकसांडे, वनरक्षक बशीने, कुर्वे, टेकाम, हिंगना वन परीक्षेत्र के  वन मजदूर और स्वयंसेवी संस्था के सदस्य गौरांग वाईकर शामिल थे। 

सतर्क रहें 
लिटिलवुड के सभी कर्मचारियों को सतर्क रहने की चेतावनी दी गई है। वन विभाग की ओर से परिसर में कई ट्रैप कैमरे भी लगा दिए गए हैं।
-अखिलेश हलवे, पीआरओ मेट्रो
 

 

Created On :   6 Dec 2019 8:15 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story