Nagpur News: बिहार चुनाव परिणाम पर बोले सीएम, जो जीता वही सिकंदर

बिहार चुनाव परिणाम पर बोले सीएम, जो जीता वही सिकंदर
हमने जो योजना चलायी वह लोगों को पसंद आयी

Nagpur News बिहार विधानसभा चुनाव में भाजपा गठबंधन की जीत को लेकर उठाए जा रहे सवालों पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा है कि जो जीता वही सिकंदर ठहराया जाता है। पराजय को भी सहज स्वीकार करना चाहिए। शनिवार को बिरसा मुंडा जयंती कार्यक्रम के सिलसिले में शहर में आए मुख्यमंत्री फडणवीस ने पत्रकारों से चर्चा की। राकांपा अध्यक्ष शरद पवार ने कहा है कि बिहार में भाजपा गठबंधन की जीत महिलाओं को दिए गए आर्थिक प्रलोभन की जीत है। महिलाओं के बैंक खाते में सरकार ने 10 हजार रुपये जमा कराने की जो योजना लायी उससे चुनाव परिणाम प्रभावित हुआ। इसी संबंध में मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि चुनाव में जो जीतता है वह सिकंदरा ठहराया जाता है।

पराजय को स्वीकार करना चाहिए। अपनी चूक सभी को कबूल करने की आवश्यकता है। आत्मपरीक्षण किया जाना चाहिए। लेकिन विपक्ष को यह सब मंजूर नहीं है। मुख्यमंत्री ने आगे कहा-सही अर्थ में विविध प्रकार की योजनाएं लाने का अवसर सभी के पास था। हमने जो योजना चलायी वह लोगों को पसंद आयी, इसलिए लोगों ने हमारे पर प्रेम व्यक्त किया। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से उपमुख्यमंत्री अजित पवार की मुलाकात के संबंध में मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य की विविध जनसमस्याओं को लेकर पवार ने शाह से मुलाकात की है। वन्यजीवों और तेंदुए की दहशत से संबंधित सवाल पर उन्होंने कहा कि यह िवषय महत्वपूर्ण है। इस संबंद में जल्द ही अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की जाएगी।

मुंबई में महायुति का महापौर : मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि मुंबई में महायुति पर लोगों का विश्वास है। बात यह नहीं है कि विरोधी पक्ष एकत्रित होगा या स्वतंत्र लड़ेगा, जनता ने मुंबई का महापौर महायुति का चुनने का निर्णय लिया है। मुंबई मनपा का चुनाव विपक्ष किस तरह लड़ेगा, यह उनके लिए विचार का विषय है। वह निर्णय लेंगे।

सामाजिक न्याय : मुख्यमंत्री ने कहा-राज्य में सभी समाज को न्याय देने का प्रयास किया जा रहा है। राज्य का आर्थिक व सामाजिक विकास हो रहा है। भगवान बिरसा मुंडा ने ब्रिटिश के विरोध में लड़ते हुए जल, जंगल व जमीन पर आदिवासी के अधिकार के लिए संपूर्ण जीवन अर्पण किया। उनकी 150 वीं जयंती को जनजाति कल्याण दिवस के रुप में मनाया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने घोषणा की है कि संपूर्ण वर्ष को भगवान बिरसा मुंडा से सम्मान में विविध कार्यक्रमों के आयोजन के साथ मनाया जाएगा।


Created On :   15 Nov 2025 6:20 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story